दायें हाथ से दान करो तो बायें को पता न चले: मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 

0
1318
वसुंधरा राजे

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इन दिनों झुंझुनूं दौरे पर हैं और वहां उदयपुरवाटी के लोगों से जनसंवाद कर उनकी समस्या का निवारण करने में जुटी हुई हैं। मुख्यमंत्री राजे गुरुवार को झुंझुनूं पहुंची थी। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने दौरे की शुरूआत पिलानी से की। सबसे पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पिलानी गौशाला पहुंची और वहां रखे दानपात्र में अपने हाथों से गुप्तदान किया। हालांकि गुप्तदान की राशि पता नहीं चल पाई है और न ही गौशाला के संरक्षकों ने इस बारे में कोई खुलासा किया है।

Read more: आमजन को फ़ाइल की तरह इधर उधर न दौड़ाएं अफसर – वसुंधरा राजे

खुद मुख्यमंत्री राजे ने भी इस बारे में कुछ नहीं बताया। पत्रकारों ने जब मुख्यमंत्री से पूछा कि कितनी राशि दान की है तो उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि दायें हाथ से दान करो तो बायें हाथ को पता नहीं चलना चाहिए कि कितनी राशि दान की। उन्होंने कहा कि गौमाता की सेवा ईश्वर की सेवा है।

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरूवार से झुंझुनूं जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री राजे आम जनता के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को जानेंगी और मौके पर समाधान के लिए दिशा-निर्देश देंगी। दौरे की शुरूआत पिलानी से हुई है। इस दौरे में विभिन्न जाति समुदायों से मुलाकात के बाद सीएम राजे पार्टी कार्यकर्ताओं की मैराथन बैठक लेंगी और पिलानी विधानसभा क्षेत्र के ताजा राजनीतिक हालात की समीक्षा करेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार को उदयपुरवाटी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पिलानी आगमन को देखते हुए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। मुख्यमंत्री राजे का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को देखते हुए शेखावाटी में भाजपा अल्पसंख्यकों के बीच पकड़ मजबूत बनाने को लेकर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।