मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने किए साईं बाबा के दर्शन!

0
830
vasundhara raje caste

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे हाल ही में नई दिल्ली दौरे पर थी। जहां सीएम राजे ने केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों से राजस्थान के विकास लिए बैठक की। मुख्यमंत्री पिछले कुछ समय से लगातार नई दिल्ली का दौरा कर रही है। जिसके फायदे स्वरूप प्रदेश की कई परियोजनाओं को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। राजे के हालिया दिल्ली दौरे बाद कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स को केंद्र सरकार की ओर से जल्द ही मंजूरी मिल सकती है। दिल्ली के अलावा मुख्यमंत्री इन दिनों अलवर जिले के दौरे पर है। वे अपने अलवर दौरे पर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम के तहत आमजन की समस्याएं सुनकर उनका अति​शीघ्र समाधान कर रही है। इस बीच सीएम राजे समय निकालकर प्रसिद्ध शिरड़ी के साईं बाबा मंदिर पहुंची।

सीएम राजे ने पूजा-अर्चना कर प्रदेश में शांति एवं खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री राजे अपनी व्यस्तता के बीच सोमवार को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शिरड़ी के साईं बाबा मंदिर में पहुंची। सीएम ने यहां पूजा-अर्चना की, साथ ही प्रदेश में शांति एवं खुशहाली की भी कामना की। राजे ने इस दौरान मंदिर की भव्यता और सुविधाओं की तारीफ करते हुए इसे अद्भुत और लोक आस्था का विशाल केंद्र बताया। मुख्यमंत्री के साथ राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी भी उनके साथ मौजूद थे। परनामी भी साईं बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

Read More: राजस्थान के राजनेताओं की संतानें जो राजनीति में बना रहे अलग मुकाम

शिव मंदिर में जल अभिषेक और त्रयम्बकेश्वर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री राजे इसके बाद पुणे जिले के भीमशंकर स्थित शिव मंदिर पहुंची। उन्होंने वहां भगवान शिव को जल अभिषेक किया। राजे यहां करीब एक घंटे तक रूकी, इसके बाद उन्होंने नासिक जिले के गोदावरी नदी के उद्गम स्थल के निकट प्रसिद्ध त्रयम्बकेश्वर मंदिर में भी भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। राजे महाराष्ट्र के विभिन्न मंदिरों में जाने से पहले भी कई मंदिरों में हाल ही में दर्शन कर पूजा-अर्चना कर चुकी है। अलवर दौरे पर वे मंशा माता मंदिर, जैन मंदिर, हनुमान मंदिर सहित कई मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंची थी। इससे पहले अजमेर दौरे पर भी राजे ने पुष्कर स्थित प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की ​थी। हालिया दौरों से प्रदेश की मुख्यमंत्री की वसुंधरा राजे की ईश्वर के प्रति आस्था देखी जा सकती है। राजे अक्सर बांसवाड़ा जिले स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर जाती रही हैं।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here