SDM से बोले BJP सांसद, जूते चाटने का इतना ही शौक है तो पार्टी ज्वॉइन कर लो

    0
    705

    जयपुर। प्रदेश के जोधपुर जिले के भोपालगढ़ उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव को पूर्व सांसद की तारीफ करना महंगा पड़ गया। एसडीएम यादव की ओर से पूर्व सांसद की तारीफ में पढ़े गये कशीदों ने उनको ही उलझा डाला। एसडीएम की इस बयानबाजी पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत और पाली सांसद पीपी चौधरी ने भरी मीटिंग में अधिकारियों के सामने जोरदार क्लास ले डाली। पाली सांसद पीपी चौधरी ने तो सबके सामने एसडीएम को यह तक कह डाला कि अगर जूते चाटने का इतना ही शौक है तो पार्टी क्यों नहीं ज्वॉइन कर लेते। अब एसडीएम को दोनों नेताओं की ओर से लगाई गई डांट-फटकार का वीडियो सोशल मीडिया में जबर्दस्त वायरल हो रहा है।

    एसडीएम ने तारीफ में कही थी ये बात
    पाली लोकसभा क्षेत्र के भोपालगढ़ एसडीएम हवाई सिंह यादव ने हाल ही में एक कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता बद्रीराम जाखड़ की तारीफ की थी। एसडीएम ने कहा कि हमारे पूर्व सांसद मौजूदा सांसद से अधिक सक्रिय हैं। हमारे ऐसे ही सांसद होने चाहिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उसके बाद शनिवार को जोधपुर जिला विकास एवं समन्वय निगरानी समिति दिशा की यह पहली बैठक थी। बैठक में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पाली सांसद पीपी चौधरी ने एसडीएम से भरी मीटिंग में कड़े सवाल जवाब किये।