REET Paper Leak : सरकार ने RBSE अध्यक्ष डीपी जारोली को किया बर्खास्त

    0
    488

    जयपुर। REET पेपर लीक मामले में राजस्थान सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में बनी हाई पावर कमेटी ने बैठक के बाद राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारोली को बर्खास्त करने का फैसला लिया। इस अहम बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा एसीएस होम, DGP, शिक्षा मंत्री डॉक्टर BD कल्ला, SOG के हेड अशोक राठौड़ मौजूद रहे। मीटिंग में दो और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। अब रीट परीक्षा की जांच में लिप्त पाए जाने वाले कर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया जाएगा। जांच में आरोप साबित होने पर बर्खास्त कर दिए जाएंगे।

    रिटायर्ड जज करेंगे रीट पेपर लीक की जांच
    सीएम गहलोत की अध्यक्षता में गठित हाईपावर कमेटी ने पेपर लीक मामले की जांच हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज से कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए जज की अध्यक्षता में एक कमेठी का गठन किया गया है। कमेटी भविष्य में होने वाली भर्ती परीक्षाओं की गड़बड़ी रोकने के लिए राज्य सरकार के सुझाव देगी।

    विपक्ष ने की भर्ती रद्द करने की मांग
    इस मामले में विपक्ष अभी भी भर्ती को रद्द करने और मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग कर रहा है। पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि इस मामले में पेपर लीक स्पष्ट हो चुका है। बावजूद इसके सरकार इसे स्वीकार नहीं कर रही है। इस परीक्षा में जो भी सरकारी अधिकारी कर्मचारी लिप्त हैं उन्हें बचाने के बजाय उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।