अजमेर MDS यूनिवर्सिटी के पेपर लीक! वॉट्सऐप पर हुआ वायरल, प्रशासन में मचा हड़कंप

    0
    395

    जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आया है। प्रदेश के अजमेर जिले में एमडीएस यूनिवर्सिटी में एक बार फिर थर्ड ईयर फिजिक्स और बॉटनी का पेपर परीक्षा से पहले ही व्हाट्सएप पर वायरल हो गया। स्टूडेंट के साथ ही मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह पेपर पहुंच गए। जब यूनिवर्सिटी प्रशासन से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि परीक्षा से 10 से 15 मिनट पहले ही पेपर खोले जाते हैं, ऐसे में यह पेपर कहां से बाहर आया है इसकी कोई जानकारी नहीं है।

    उचित जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी
    प्रशासन का कहना है कि अभी तक किसी कॉलेज से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पेपर लीक को लेकर कोई सवाल खड़े नहीं किए गए हैं लेकिन अगर यह पेपर हुबहू वैसा ही होगा तो इस मामले में उचित जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी। अजमेर एमडीएस यूनिवर्सिटी परीक्षा नियंत्रक सुब्रतो दत्त ने बताया कि आज ही एमडीएस यूनिवर्सिटी की बीएससी की परीक्षा शुरू हुई है। दोपहर 3 बजे इन परीक्षाओं का पेपर शुरू हुआ था।

    व्हाट्सएप और अन्य माध्यम से लीक हुआ पेपर
    इसी दौरान मीडिया के माध्यम से सूचना मिली कि पेपर व्हाट्सएप व अन्य माध्यम से लीक हो गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन का कहना है कि यह पेपर कैसे मिला और हूबहू है या नहीं इसे लेकर जानकारी जुटाई जा रही है, अगर पेपर सेम होता है तो फिर इस मामले में जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।