करौली में बड़ा हादसा : 45 सवारियों से भरी बस तालाब में गिरी, एक की मौत

    0
    153
    जयपुर। प्रदेश के करौली जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के ससेड़ी गांव में एक तेज रफ्तार बस तालाब में गिर गई। हादसे में 1 व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3-4 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए करौली हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। तालाब में गिरी बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला जा रहा था। इस दौरान क्रेन भी पलट गई। हालांकि इस दौरान किसी को भी चोट नहीं आई। लोगों ने बस में मौजूद सवारियों को बाहर निकाला।
    शीशे तोड़कर सवारियों को बाहर निकालना
    सदर थानाधिकारी कृपाल सिंह ने बताया कि एक प्राइवेट बस मंडरायल के लिए सुबह करीब 10 बजे करौली से रवाना हुई। बस करीब 10.45 बजे ससेड़ी मोड़ के पास पहुंची तो सामने से आई एक जीप से बचने की कोशिश में बस सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान गड्ढा में टायर जाने से बस अनियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। बस के तालाब में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग दौड़कर आए और बस के शीशे तोड़कर सवारियों को बाहर निकालना शुरू किया।
    कैलादेवी के दर्शन कर लौट रहे थे घर
    घटना की जानकारी मिलते ही एंबुलेंस, सिविल डिफेंस की टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस नदी में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्राम (22) पुत्र दिओली गुर्जर निवासी नयापुरा के रूप में हुई है। मध्य प्रदेश के गोधौली निवासी भूरा ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कैलादेवी के दर्शन करने आया था। दर्शन के बाद बस से वापस लौट रहा था। इस दौरान सामने से आई गाड़ी से बचने के चक्कर में तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गई।