
आन बान शान री राजस्थान की धरा पर आज म्हाणै घणी खुशी हो रही है। राजस्थान से मेरा पुराना नाता है और यह प्रदेश हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है। राजस्थान के स्नेही लोग अपने अतिथि सत्कार के लिए हमेशा जाने जाते हैं और सराहे जाते हैं। यह कहना है दो दिवसीय राजस्थान के दौरे पर आए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का। Ramnath Kovind Rajasthan Visit
राष्ट्रपति कोविंद रविवार को जयपुर के बिड़ला सभागार में राज्य सरकार की ओर से आयोजित नागरिक अभिनंदन व सामाजिक न्याय की विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के उपराष्ट्रपति रहे स्व. भैरोसिंह शेखावत और लोकप्रिय नेता स्व. सुंदर सिंह भंडारी के नाम पर वंचित एवं पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए योजनाओं का शुभारंभ कर राज्य सरकार ने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। इस मौके पर राष्ट्रपति की पत्नी एवं देश की प्रथम महिला सविता कोविंद, राज्यपाल कल्याण सिंह, विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल, मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित थे।

राष्ट्रपति भवन में भी राजस्थान की छवि Ramnath Kovind Rajasthan Visit
राष्ट्रपति ने कहा कि राजस्थान के लोगों में अपनी माटी, भाषा और मानवीय मूल्यों के प्रति गहरा लगाव है। दिसम्बर, 2016 में बिहार के राज्यपाल के रूप में मुझे छोटी खाटू में आने का अवसर मिला था। नागौर जिले के उस कस्बे में जो ऊर्जा और कर्मठता मुझे देखने को मिली है, वह हमेशा याद रहेगी। मैंने अपने प्रवास के दौरान राजस्थान की प्रकृति और इंद्रधनुषीय संस्कृति को करीब से देखा है। राष्ट्रपति भवन मकराना, जैसलमेर और अलवर के पत्थरों से बना है। यहां एक जयपुर कॉलम भी है। इस तरह राजस्थान मेरे मानस पटल पर हमेशा उपस्थित रहता है। Ramnath Kovind Rajasthan Visit
राष्ट्रपति ने शुरू की तीन योजनाएं
राष्ट्रपति श्री कोविंद ने निम्न लोक कल्याणकारी योजनाओं का उद्घाटन किया।
- राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम द्वारा एससी, एसटी, ओबीसी, सफाई कर्मचारी और दिव्यांगजन को स्वरोजगार के लिए वर्ष 1980-81 और उसके बाद दिए गए 2 लाख रूपये तक के ऋण एवं ब्याज की माफी।
- एससी, एसटी, ओबीसी, अति पिछड़ा वर्ग के परिवारों को आजीविका का साधन उपलब्ध करवाने के लिए भैरोंसिंह शेखावत अंत्योदय स्वरोजगार योजना। इसमें 50 हजार परिवारों को 50 हजार रूपये तक का ऋण 4 प्रतिशत ब्याज पर बिना रहन उपलब्ध करवाया जाएगा।
- आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य श्रेणी के परिवारों को जीविका का साधन उपलब्ध करवाने के लिए सुंदर सिंह भण्डारी ईबीसी स्वरोजगार योजना। इसमें 50 हजार परिवारों को 50 हजार रूपये तक का ऋण 4 प्रतिशत ब्याज पर बिना रहन उपलब्ध करवाया जाएगा।
योजनाओं के लाभार्थियों को चैक प्रदान किए

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राज्य सरकार की तीन महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारम्भ करने के साथ ही इन योजनाओं के पांच-पांच लाभार्थियों को ऋण राशि के चैक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए। भैरोंसिंह शेखावत अंत्योदय स्वरोजगार योजना की लाभार्थी मीरा देवी, तुलसी देवी, नहना देवी, रामजीलाल मीना एवं राजेन्द्र सैनी को 50-50 हजार रूपए के चैक प्रदान किए। सुंदर सिंह भण्डारी ईबीसी स्वरोजगार योजना के लाभार्थी सुनील गुर्जर, अनिल गुर्जर, अखिल गुर्जर, सुनीता देवी एवं संगीता गुर्जर को 50-50 हजार रुपए ऋण के चैक प्रदान किए। राष्ट्रपति ने कौशल्या बलाई, बृजेश कुमार बलाई, मदनलाल, राजेन्द्र मेघवाल एवं गुल्ली देवी मीना को राजस्थान अनुसूचित जाति जनजाति वित्त एवं विकास सहकारी निगम द्वारा एससी, एसटी, ओबीसी, सफाई कर्मचारी और दिव्यांगजन को स्वरोजगार के लिए वर्ष 1980-81 और उसके बाद दिए गए 2 लाख रुपए तक के ऋण एवं ब्याज की माफी के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए। Ramnath Kovind Rajasthan Visit
समय से पहले पूरा किया प्रधानमंत्री का सपना: मुख्यमंत्री
इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत के सपने को समय से पहले पूरा किया है। पूरा प्रदेश 2018 में ही खुले में शौच से मुक्त हो चुका है। जयपुर शहर भी स्वच्छता के साथ-साथ सुन्दरता में आगे बढ़ रहा है। जो द्रव्यवती नदी गंदे नाले में तब्दील हो चुकी थी, वह फिर से जयपुर की शान बनेगी। उन्होंने कहा कि निरन्तर प्रयासों और केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी के समन्वय से 15 अगस्त तक जयपुर रिंग रोड का कार्य भी पूरा हो जाएगा। Ramnath Kovind Rajasthan Visit

