
जयपुर। देशभर के 23 आईआईटी संस्थानों की 11,000 से अधिक सीटों पर एडमिशन के लिए आयोजित की गई जेईई एडवांस परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है। इसमें प्रदेश के चार परीक्षार्थी टॉप 20 स्थानों पर जगह बनाने में सफल हुए हैं। राजस्थान के कोटा ने एक बार फिर इस रिजल्ट में अपनी जगह बवाई है। कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहे वैभव राज ने ऑल इंडिया रैंकिंग में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं मुनिंद्र ने चौथा, लक्ष्य गुप्ता 12वें और कनिष्क मित्तल ने 17वां स्थान प्राप्त किया है। परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर 2020 को देश भर के 222 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। ऑनलाइन एग्जाम में कुल रजिस्टर्ड उम्मीदवारों में से 96 फीसदी छात्रों यानि कुल 1.5 लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था।
सफलता को लेकर था आश्वस्त
जेईई एडवांस में ऑल इंडिया 3 रैंक प्राप्त करने वाले बेगुसराय बिहार के वैभव राज ने बताया कि एडवांस की काफी अच्छी तैयारी थी इसलिए मैं सफलता को लेकर पूरी तरह आश्वस्त था। 2018 में आईआईटी में प्रवेश का सपना लेकर कोटा आया और एलन में एडमिशन लिया। मां के साथ यहां रहा, उन्होंने मेरा पूरा साथ दिया। 10वीं कक्षा 98 प्रतिशत एवं 12वीं कक्षा 99 प्रतिशत अंकों से पास की है। एनटीएसई स्कॉलर हूं और जेईई मेन्स में ऑल इंडिया 45वीं रैंक थी। इसके अलावा फिजिक्स, कैमिस्ट्री, मैथ एवं एस्ट्रोनोमी ओलंपियाड में कैम्प के लिए चयनित हो चुका हूं।
आज कट ऑफ भी जारी
आईआईटी दिल्ली ज्वाईंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन एडवांस्ड 2020 परीक्षा के परिणामों की घोषणा किए जाने के साथ ही साथ जेईई एडवांस कट ऑफ 2020 भी जारी कर रहा है। परीक्षार्थी जेईई एडवांस 2020 कट ऑफ भी ऑफिशियल वेबसाइट से ही चेक कर पाएंगे। जेईई एडवांस कट ऑफ 2020 के माध्यम से उम्मीदवार परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विभिन्न तकनीकी शिक्षा संस्थानों में विभिन्न यूजी कोर्सेस में दाखिले के लिए निर्धारित न्यूनतम अंक जान पाएंगे। जिसे वे अपने स्कोर कार्ड से मिलान करके सम्बन्धित संस्थान में दाखिले के लिए आवेदन कर पाएंगे।

