एक और जांबाज सतपाल सिंह शहीद, आज पहुंचेगी पार्थिव देह, गांव में पसरा सन्नाटा

    0
    392

    जयपुर। प्रदेश के झुंझुनूं का एक और जांबाज जवान ने देश के लिए अपनी जान न्योछावर कर दी। जम्मू में राजारी के परगल कैंप पर हुए आतंकी हमले में घायल हुए जैतपुरा के हवलदार सतपाल सिंह शहीद हो गए। दस दिन से वेंटिलेटर पर चल रहे हवलदार सतपाल सिंह ने रविवार सुबह उधमपुर के आर्मी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। उनकी पार्थिवदेह सोमवार शाम तक पहुंचने की संभावना है। आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए इस हमले में मालीगांव निवासी सूबेदार राजेंद्र भांबू भी शहीद हो गए थे।

    आज शाम तक पैतृक गांव पहुंचेगी पार्थिव देह
    बताया जा रहा है कि चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन कर दिया था, ऑपरेशन सफल भी रहा था। लेकिन हवलदार सतपाल सिंह रिकवर नहीं कर पा रहे थे। आखिरकार रविवार को वे वीरगति को प्राप्त हो गये। सोमवार शाम तक उनकी पार्थिव देह गांव पहुंचने की संभावनायें जताई जा रही है। जवान का पैतृक गांव में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। हवलदार सतपाल सिंह आखिरी बार 3 जुलाई को ही अपने गांव आकर गए थे।

    गांव में पसरा सन्नाटा
    हवलदार सतपाल सिंह के शहीद होने की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। लेकिन सिंह के परिवार के लोगों ने अभी तक घर की महिलाओं को इस बारे में नहीं बताया है। लेकिन गांव में सिंह की शहादत की सूचना मिलने के बाद वहां सन्नाटा पसर गया है। सतपाल सिंह के घायल होने की सूचना पर कई जगहों पर प्रार्थनाओं का दौर भी चला था।