
जयपुर। गांधी परिवार के सबसे नजदीकी और कांग्रेस के सबसे पावरफुल नेता रहे दिवंगत अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल अब कांग्रेस में अनदेखी से नाराज हैं।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल के दोस्ती जगजाहिर थी। लेकिन अब हालात बदल गए है। दिवंगत अहमद पटेल के बेटे ने ट्वीट कर अपना दर्द बयां किया है। फैसल पटेल ने अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी शशिकांत शर्मा के फोन नहीं उठाने और जवाब नहीं देने पर नाराजगी जताई है।
अहमद पटेल के बेटे का दर्द
दरअसल शनिवार अल सुबह 4 बजकर 57 मिनट पर फैजल पटेल ने ट्वीट करते हुए लिखा, मुख्यमंत्री के ओएसडी शशिकांत शर्मा आप मेरा फोन क्यों नहीं उठाते हैं जबकि मेरे पिता के देहांत के बाद राजस्थान के गरीब अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े लोग अपना काम कराने के लिए मुझे फोन करते हैं। मेरे पिता के देहांत के बाद अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को मुझसे उम्मीद रहती है कि मैं उनकी समस्याओं का समाधान करूं लेकिन आप मेरा फोन नहीं उठाते हैं। हालांकि इसके थोड़ी देर के बाद फैजल पटेल ने अपने ट्वीट डिलीट कर दिया।
सीएम पर भी लगाए थे फोन नहीं उठाने के आरोप
इससे पहले फैजल पटेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी फोन नहीं उठाने के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत उनके फोन नहीं उठाते हैं हालांकि पिता के देहांत के बाद एक बार जयपुर दौरे पर आए फैसल पटेल ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोतए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई अन्य नेताओं से मुलाकात की थी।

