
जयपुर। प्रदेश के बाड़मेर जिले से धार्मिक भावनाएं भड़काने और हिंदू ग्रंथ जलाकर अपमान करने का मामला सामने आया है। यहां युवक-युवतियों द्वारा हिंदू धार्मिक ग्रंथ को पैरों तले रौंद कर जलाया गया। यह घटना बाखासर कस्बे की बताई जा रही है। इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया गया। पुलिस ने धार्मिक ग्रंथ जलाने वाले तीन लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। घटना 25 दिसंबर की बताई जा रही है। इसका वीडियो अब सामने आया है।
बौद्ध धर्म ग्रहण कर हिंदू धर्म के ग्रंथों की प्रतियां जलाई
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक बॉर्डर से लगते बाखासर गांव में 2 दिन पहले एडवोकेट अमृत धंदे व कश्यप द्वारा बौद्ध धर्म दीक्षा ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उस कार्यक्रम के बाद बौद्ध धर्म ग्रहण करने वाले लोगों ने हिंदू धर्म के ग्रंथों की प्रतियां जलाई और पैरों से रौंद कर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
गुस्से में हिन्दू संगठन
इसके बाद इस मामले में तूल पकड़ लिया और हिंदू समाज में इस घटना के विरोध आक्रोश का माहौल है। कल बाखासर कस्बे में हिंदू समाज के लोगों ने एकत्रित होकर इस पूरी घटना का विरोध किया। हिंदू धर्म की ग्रंथ जलाने वाले लोगों के खिलाफ बाखासर थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने इस पूरे मामले में तीन लोगों को आईपीसी की धारा 151 के तहत हिरासत में लिया है और पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है. बाड़मेर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह का कहना है कि इस कार्यक्रम के बाद हिंदू ग्रंथ जलाने की बात सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट है।

