GRAM Kota में 70 हज़ार लोग बने ऐतिहासिक महाकुंभ के गवाह, 1067 करोड़ के निवेश को मिलेगा धरातल

0
1323

चम्बल के किनारे सजे किसानों के तीन दिवसीय महाकुंभ ‘ग्राम’ का शुक्रवार को समापन हो गया। ग्राम को देखने और कृषि से जुड़ी तकनीकी जानकारियां लेने के लिए हर रोज करीब 15 हजार किसानों ने भाग लिया। तीन दिवसीय इस आयोजन में 70 हजार से ज्यादा लोगों ने पहुंचकर तरक्की की ओर एक कदम आगे बढ़ाय़ा है। ग्राम कोटा के दौरान 1067 करोड़ रुपए के एएमयू हुए। अगले ग्राम का आयोजन अब उदयपुर में होगा।

1067 करोड़ के निवेश के लिए तैयार रहे कोटा

खेती-किसानी में चल रहे नवाचार व स्मार्ट फार्मिंग की अवधारणा से रूबरू करवाने, किसानों, उद्यमियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर सीधा संवाद करने वाला तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। ग्राम में हाड़ौती के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 70 हजार से अधिक लोग ग्राम के साक्षी बने। इसमें 50 हजार किसान शामिल हैं। ग्राम में कुल 1067 करोड़ के करार हुए हैं।

50 हजार किसानों की उम्मीदो को जल्द दिखाएंगे ज़मीन

कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जयपुर में हुए ग्राम से भी अधिक सफल कोटा का ग्राम रहा। तीस हजार किसानों का पंजीयन किया गया, इसमें 50 हजार से अधिक किसानों ने भाग लिया। इस दौरान किसानों से जो वायदे किए गए हैं उनको जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। कृषि विभाग की प्रमुख शासन सचिव नीलकमल दरबारी ने कहा हाड़ौती में निवेश के लिए आगे होकर निवेशक आ रहे हैं यह सुखद संकेत है। इसके अच्छे परिणाम मिलेंगे।

निवेश के लिए हुए 22 करार

ग्राम में कुल 22 एमओयू हुए। इसमें 1067 करोड़ का निवेश होगा। साथ ही, 28 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। एमआेयू में 8 निजी मंडियों की स्थापना करने, 9 प्रोसेसिंग इकाइयां स्थापित करने शेष कोल्ड चैन और डेयरी से संबंधित हैं। 50 फीसदी एमओयू कोटा संभाग से संबंधित हैं। सैनी ने कहा कि अगला ग्राम उदयपुर में अक्टूबर-नवम्बर में आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।