ग्राम कोटा-2017: जाजम बैठकों में किसान भाईयों को मिलेगी पूरी जानकारी, उन्नत खेती के लिए ग्राम का हिस्सा बने

0
1407
Gram Kota 2017

कोटा में 24 से 26 मई को आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट –ग्राम की जाजम बैठकें प्रदेश के किसानों को लिए वरदान साबित होगी। इन बैठकों में कोटा संभाग सहित प्रदेश भर के किसानों को कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन से संबंधित विशेषज्ञों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। किसान जाजम बैठकों में कृषि विशेषज्ञों से अपनी कृषि समस्याओं के निराकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी ले सकेंगे। ग्राम कोटा में इन बैठकों के माध्यम से किसान कृषि एवं संबंधित क्षेत्रों में आधुनिक व विश्वव्यापी श्रेष्ट तकनीकों के बारे में गहनता से जानकारी ले सकेंगें। कोटा ग्राम के बारे में प्रमुख शासन सचिव कृषि ने बताया कि किसान कृषि विशेषज्ञों से जाजम बैठकों में विश्वस्तरीय कार्यप्रणाली अपनाकर अपनी आमदनी में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं।

जाजम, प्रदर्शनी, सेमीनार और स्मार्ट फार्म में मिलेगी जानकारी

ग्राम में जाजम बैठकों के अलावा प्रदर्शनी, सेमीनार और स्मार्ट फार्म आदि के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी। कृषि सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार कोटा ग्राम में लगभग 30 हजार किसान भाग लेंगे। हाल ही में प्रदेश के कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने ग्राम की तैयारियों का जायजा लिया था। सैनी ने बताया कि जाजम की बैठकों में किसानों को बदलती जलवायु को ध्यान में रखते हुए फसल उत्पादन की आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया जाएगा। उन्होने बताया कि जैविक खेती के बारे में उन्नत विधियों, आईपीएम के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

बागवानी और सहकारी योजनाओं की जानकारी ले किसान

मंत्री सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि किसान इन बैठकों के माध्यम से राज्य में खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की भावी संभावनाओं व सहकारी विभाग की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इन बैठकों में हाडौती संभाग में कृषि विपणन की समस्याओं का समाधान एवं सरकार द्वारा देय सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

कृषि मंत्री सैनी ने बताया कि उद्यानिकी पर आधारित जाजम बैठकों में किसानों को आधुनिक तरीके से संतरा, अमरूद जैसे फलों की खेती के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा इन बैठकों में सब्जियों की संरक्षित खेती, धनिया, लहसुन और मसालों की फसलों पर भी जानकारी दी जाएगी। जाजम बैठकों में इन फसलों के उत्पादन व इनके निर्यात के बारे में चर्चा की जाएगी।

बैठकों में पशुपालन पर भी होगी चर्चा

जाजम बैठकों में पशुपालन पर भी विस्तृत रुप से चर्चा की जाएगी। सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान में स्वदेशी नस्लों के सुधान एवं बढ़ोत्तरी के तरीकों, लाभकारी डेयरी फार्मिंग के लिए पशुपोषण की उन्नत विधियों, पशुओं का अनियमित प्रजनन व बांझपन की रोकथाम के उपाय भी बताए जाएगें। किसानों को अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए मछली पालन की वैज्ञानिक तकनीकों तथा भेड़ एवं बकरियों के नस्ल सुधान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। मंत्री सैनी ने बताया कि इन बैठकों में उद्यमिता ने नए आयामों में मुर्गीपालन, ऊंटपालन व घोड़ों के रख रखाव के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। मंत्री सैनी ने प्रदेश के किसान भाईयों से अपील की हैं कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में ग्राम कोटा में पहुंचकर खेती की नई तकनीकों के बारे में जानकारी ले और खुद के साथ प्रदेश के विकास में भागीदारी निभाएं।

ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2017 कोटा

ग्राम कोटा का आयोजन राजस्थान के कोटा में आरएसी परेड ग्राउंड में 24 मई से 26 मई 2017 तक आयोजित किया जाएगा। यह राजस्थान सरकार तथा फैडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, फिक्की, द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। गत वर्ष जयपुर में आयोजित ग्राम 2016 की उपलब्धियों को देखते हुए राजस्थान सरकार द्वारा ग्राम कोटा का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम कोटा के आयोजन के प्रमुख उद्देश्यों में कोटा संभाग के किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से अवगत कराना और कोटा के कृषि विकास को गुणात्मक रूप से अगले स्तर पर ले जाना है। इस आयोजन के दौरान कृषि क्षेत्र के सभी हितधारक जिनमें कोटा एवं आसपास के किसान,  शिक्षाविद, प्रौद्योगिकीविद, कृषि व्यवसाय कंपनियां और नीति निर्माता शामिल हैं, एक मंच पर एकत्रित होंगे।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here