
बिजयनगर में बनेगी ई—मंडी, 253 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक डेयरी प्लांट
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने अजमेर दौर पर प्रदेशवासियों को दिवाली की जमकर सौगात देते हुए बिजयनगर में एक ई—मंडी बनाने की घोषणा की है। इसके साथ ही यहां 253 करोड़ रूपए की लागत से एक अत्याधुनिक डेयरी प्लांट, बिजयनगर—केकड़ी सड़क के लिए 50 करोड़ रूपए, नए बस स्टैंड के लिए एक करोड़ रूपए की स्वीकृति भी दी है।
साथ ही पाइप लाइन और पंपिंग सिस्टम में बदलाव कर पेयजल संकट को दूर करने का भी आश्वासन लोगों को दिया है। लाइट ट्रिपिंग की समस्या को लेकर भी वसुंधरा राजे ने चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश में किसानों को हर हाल में बिना ट्रिपिंग के बिजली दिए जाने का भरोसा दिलाया है। यह सभी घोषणाएं मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बिजयनगर में सर्वसमाज के प्रतिनिधियों के साथ जनसंवाद में की हैं।
Read More: http://rajasthantruths.com/7th-pay-commission-in-rajasthan/
इस ई—मंडी बनने से लाखों किसानों को फायदा मिलेगा और बिचौलियों से पूरी तरह से मुक्ति मिल सकेगी और किसान भाई अपनी उपज को देश की किसी भी मंडी में बेच सकेंगे। मुख्यमंत्री वसुंधरा ने बिजयनगर में नए बस स्टैंड के जल्द से जल्द निर्माण के निर्देश दिए। मंजूर करने के साथ ही जल्द ही इसका निर्माण कार्य करने के निर्देश दिए। इस निर्माण कार्य पर अनुमानित लागत एक करोड़ रूपए आएगी। नए बस स्टैंड के लिए दस बीघा भूमि का आवंटन पहले ही किया जा चुका है।
22 अक्टूबर को होगा डेयरी प्लांट का शिलान्यास
पशुपालकों को बेहतर महौल और लाभ पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अजमेर में एक अत्याधुनिक दूध डेयरी प्लांट लगाने की भी घोषणा की है। इस प्लांट की अनुमानित लागत 253 करोड़ रूपए आएगी। इस प्लांट के क्षेत्र के लाखों पशुपालक लाभान्वित होंगे। इस डेयरी प्लांट से करीब 10 लाख लीटर दुग्ध संग्रहण के साथ ही 30 मैट्रिक टन दुग्ध पाउडर सहित पनीर, मक्खन और श्रीखण्ड का उत्पादन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री राजे खुद 22 अक्टूबर को अजमेर डेयरी प्लांट का शिलान्यास करेंगी।
बिजयनगर-केकडी सड़क के लिए 50 करोड़ रूपए की स्वीकृति
क्षतिग्रस्त सड़कों की गंभीर समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान से बात की और नई सड़क निर्माण के लिए 50 करोड़ रूपए देने की स्वीकृति दी। विभाग के अधिकारियों को शीघ्र निर्माण करने के निर्देश भी दिए। राजे ने बिजयनगर में नेशनल हाईवे से रीको औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने के लिए एक नई सड़क के निर्माण की घोषणा भी की। 1.6 किमी लंबी इस संपर्क सड़क की निर्माण लागत करीब 1.25 करोड़ रूपए आएगी।

