कांग्रेस विधायक ने मुंडवाया अपना सिर, CM गहलोत को पत्र के साथ भेजेंगे बाल

    0
    133

    जयपुर। कोटा जिले के सांगोद से कांग्रेस के विधायक भरत सिंह कुंदनपुर इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए ​है। पूर्व मंत्री भरत सिंह ने अपना सिर मुंडवा लिया है। कांग्रेस नेता ने अपने बालों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कोटा आगमन पर एक पत्र के साथ सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। अगर मुख्यमंत्री कोटा नहीं आते तो वह अपने बालों को डाक के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजेंगे। भरत सिंह ने कहा कि एक भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एनजीटी, सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के नियमों और आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। नियमों की पालना करने वाले ही नियम विरुद्ध काम कर रहे हैं।

    सीएम गहलोत को लिखा पत्र
    भरत सिंह ने पत्र मे लिखा कि भाया के भ्रष्टाचार को आपने खुला समर्थन दिया। खान की झोपड़ियां गांव को कोटा जिले में शामिल नहीं किया। गांधीवादी अशोक गहलोत को यह शोभा नहीं देता। आपका ईमान मर चुका है। आपके ईमान के मरने पर में मुंडन करवा कर अपने केश आपको भेंट कर रहा हूं। कृपया यह तुच्छ भेंट स्वीकार करें। महात्मा गांधी को याद कर उनके बताए गए ‘सात’ पाप पर चिंतन करें। मुख्यमंत्री का यह पद स्थाई नहीं है।

    घर के बाहर लगाया रावण का पुतला
    विधायक भरत सिंह ने अपने घर के बाहर रावण का पुतला और कई बैनर और पोस्टर लगा रखे हैं और लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं। भ्रष्टाचार रूपी रावण के पुतले का भी वह दहन करेंगे। भारत सिंह ने चंबल रिवर फ्रंट को लेकर के कहा कि एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन की पालना नहीं हो रही है। कोटा सहित कई जगह एनजीटी और सुप्रीम कोर्ट के नियमों की पालना नहीं की जा रही, उनके आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।