महाराणा प्रताप पर विवादित बयान: आक्रोशित राजपूतों का बीजेपी मुख्यालय पर प्रदर्शन, कटारिया के पोस्टर पर पोती स्याही

    0
    622

    जयपुर। बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। एक बार फिर राजसमंद विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी के प्रचार के दौरान महाराणा प्रताप को लेकर दिए गए कटारिया के एक बयान से जहां उनको सोशल मीडिया पर जमकर घेरा जा रहा है वहीं राजपूत समाज के संगठनों ने इस पर कड़ा आक्रोश जताया है। कटारिया के खिलाफ करणी सेना सहित कई राजपूत संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। करणी सेना से जुड़े युवाओं ने भाजपा मुख्यालय पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और गुलाबचंद कटारिया के होर्डिंग पर स्याही पोत दी। करणी सेना ने कटारिया के मुंह पर कालिख पोतने की चेतावनी भी दी है। गुलाबंचद कटारिया महाराणा प्रताप पर दिए बयान को लेकर दो बार माफी मांग चुके हैं। इसके बावजूद कई संगठन नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।

    करणी सेना ने ने कटारिया की तस्वीर पर पोत दी स्याही
    राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष नारायणसिंह दिवराला की अगुवाई में युवाओं ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर नारेबाजी की। भाजपा मुख्यालय के बाहर लगे होर्डिंग पर कटारिया की तस्वीर पर युवाओं ने स्याही पोत दी। इसके बाद कटारिया और सतीश पूनिया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित युवाओं ने महाराणा प्रताप पर की गई टिप्पणियों के खिलाफ कटारिया के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। विरोध प्रदर्शन करने के बाद कार्यकर्ता चले गए।

    कटारिया के मुंह पर कालिख पोतने की चेतावनी
    करणी सेना जिलाध्यक्ष नारायणसिंह दिवराला ने कहा कि करणी सेना प्रदेश भर में कटारिया का विरोध करेगी। कटारिया जहां भी जांएगे उनका विरोध होगा। कटारिया का मुंह काला किया जाएगा। अगर आज कटारिया मिल जाते तो मुंह पर स्याही पोत देते। महाराणा प्रताप जैसे महापुरुषों के खिलाफ टिप्प्णियां करने से पहले इन्हें सोचना चाहिए। जिस तरह की निम्न भाषा कटारिया ने महाराणा प्रताप के लिए इस्तेमाल की है उसे कोई बर्दाश्त नहीं करेगा। सतीश पूनिया ने पिछले दिनों महाराणा प्रताप के मोमेंटो को पैरों में रख दिया था, इसकी वजह से उनका विरोध किया है।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here