CM गहलोत के जन्मदिन की होर्डिंग चुराने वाला गिरफ्तार, विपक्ष का तंज, जानिए क्या कहा

    0
    177

    जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कल यानी 3 मई को जन्मदिन मनाने जा रहे है। उनके जन्मदिन को लेकर राजधानी जयपुर में कई स्थानों पर होर्डिंग लगाई गई है। इसी बीच चोर कुछ होर्डिंग चोरी कर ले गए। इस मामले में विश्वकर्मा थाने में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और इस मामले में कुछ लोगों को पकड़ा भी गया है। वहीं, होर्डिंग चोरी और पुलिस की सक्रियता को लेकर अब राजनीति गर्मा गई है।

    ऐसी फुर्ती ‘खास’ के साथ ‘आम’ के लिए भी होती : बीजेपी
    विपक्ष ने पुलिस पर तंज कसा है। बीजेपी ने इस बहाने अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरा है और कहा कि काश पुलिस आम जनता से जुड़े मामले में ऐसी ही भागदौड़ करेगी। नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने तंज कसते ट्वीट लिखा, ऐसी फुर्ती ‘खास’ के साथ ‘आम’ के लिए भी होती। राजस्थान में बच्चा चोरी, बकरा चोरी, गधा चोरी के बाद अब होर्डिंग की चोरी, वाह क्या बात है। अशोक गहलोत जी के जन्मदिन का होर्डिंग 24 घंटे के भीतर ही बरामद करने में पुलिस की सक्रियता काबिले तारीफ है

    2022 में चोरी के 40,364 प्रकरण दर्ज
    बीजेपी का कहना है कि राजस्थान पुलिस के मासिक अपराध प्रतिवेदन दिसंबर 2022 के अनुसार वर्ष 2022 में चोरी के 40,364 प्रकरण दर्ज हुए। 31,773 मामलों में एफआईआर और मात्र 7,401 प्रकरणों में चालान हुआ। उम्मीद है, पुलिस की ऐसी भागदौड़ आमजन के चोरी हुए सामानों की बरामदगी में भी दिखेगी।

    यह था पूरा मामला
    बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के शुभकामनाओं का होर्डिंग महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान की और से लगाया गया था। उसमें मुख्यमंत्री के 73वें जन्मदिन के अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर की जानकारी बताई गई थी। पोस्टर में महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान के पदाधिकारियों के भी फोटो लगे हुए थे।