
जयपुर। राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सियासत गर्माई हुई है। प्रदेश में बीजेपी, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी और आम आदमी पार्टी ने कमर कस ली है। आप पार्टी ऐलान किया है कि प्रदेश की 200 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्राम अभियान भी शुरू कर दिया है। प्रदेश की राजनीति के इतिहास में पहली बार विधानसभा चुनावों में तीसरी पार्टी के रूप में आम आदमी पार्टी ने पूरी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
200 विधानसभा सीटों पर खड़ा करेगी प्रत्याशी
राजस्थान आगामी विधान सभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के साथ साथ आप पार्टी द्वारा पूरी दो सौ विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए शुक्रवार से ग्रामीण इलाकों से संगठन को मजबूत बनाने की कोशिश की है।
ग्राम संपर्क अभियान की शुरुआत
राज्यसभा सांसद और हिमाचल और गुजरात के आम आदमी पार्टी प्रभारी सांसद डॉ. संदीप पाठक ने राजस्थान के ग्राम संपर्क अभियान की शुरुआत की है। आप पार्टी का कहना है कि आजादी के बाद कांग्रेस और भाजपा ने विकास के नाम पर राजस्थान की जनता के साथ छलावा किया है। आप पार्टी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विकास के मॉडल पर जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए राजस्थान विधानसभा चुनावों में उतरने की तैयारी की है।
जन जन को पार्टी से जोड़ने का गुरुमंत्र
इसके लिए ग्रामीण स्तर से संगठन को मजबूत बनाने की कवायद शुरू की जा रही है। इसके बाद सर्किल, जिला स्तर एवं संभाग स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा। राज्य स्तर पर संगठन को तैयार करने से पहले राजस्थान में पार्टी द्वारा सर्वे करवाया जाएगा। आम आदमी पार्टी के ग्राम संपर्क अभियान की शुरुआत करने से पहले संदीप पाठक ने पार्टी के पदाधिकारियों को आप पार्टी के सिद्धांतों और जन जन को पार्टी से जोड़ने का गुरुमंत्र दिया।

