वसुंधरा राजे को CM फेस बनाने की मांग हुई तेज, रक्षाबंधन पर भेजेंगे 60 हजार रक्षासूत्र

0
141

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के पहले पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। इस चुनाव में वसुंधरा को CM फेस घोषित करने को लेकर उनके समर्थक लगातार मांग कर रहे हैं। इसके लिए एक विशेष अभियान चला रहे हैं। राजस्थान के टोंक में भी वसुंधरा को CM चेहरा घोषित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। वसुंधरा समर्थक नीलिमा सिंह आमेरा ने बताया कि इस मांग के समर्थन में हर जिले से रक्षाबंधन पर राजे को 2023 रक्षा सूत्र भेजे जाएंगे। प्रदेशभर से 60 हजार से भी ज्यादा रक्षा सूत्र भेजने का लक्ष्य रखा है।

33 जिलों से वसुंधरा को भेजे जाएंगे रक्षा सूत्र
इस अभियान को लेकर टोंक के एक निजी होटल में वसुंधरा समर्थकों ने प्रेस वार्ता आयोजित की। इसमें मंच की संयोजक नीलिमा सिंह ने बताया कि वसुंधरा राजे के समर्थकों की ओर से उन्हें सीएम चेहरा घोषित करने की लगातार मांग की जा रही है। इसी के चलते वसुंधरा समर्थक एक विशेष अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत उन्होंने 6 अगस्त को इसकी शुरूआत की। इसमें उन्होंने प्रदेश के 33 जिलों में करीब 10 हजार किलोमीटर की यात्रा कर एक अभियान को लेकर महिला कार्यकर्ताओं को अभियान के बारे में जागरूक किया। इसमें हर जिले से वसुंधरा राजे को रक्षा सूत्र भेजे जाने के लिए प्रभारी बनाए गए हैं। जो वहां से भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के रक्षा सूत्र एकत्रित कर उन्हें भेजेंगे।