वसुंधरा राजे का मेवाड़ से सियासी आगाज, परिवर्तन यात्रा से पहले चारभुजा, नाथद्वारा और त्रिपुरा सुंदरी में देव दर्शन करेंगी

    0
    209

    जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी चौसर बिछनी शुरू हो गई है और इस सियासी चौसर में बीजेपी चारों दिशाओं से यात्रा निकालेगी। भाजपा की इस यात्रा का आगाज 2 सितंबर से होगा और समापन 25 सितंबर को किया जाएगा। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे 1 सितंबर को मंदिर दर्शन यात्रा पर निकलेंगी। सबसे दिलचस्प बात यह है कि वसुंधरा की यह देवदर्शन यात्रा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी में होने जा रही है। लिहाजा ऐसे में इसे वसुंधरा राजे का मेवाड़ में शक्तिप्रदर्शन भी कहा जा रहा है।

    इन मंदिरों में है पूजा -अर्चना के कार्यक्रम
    वसुंधरा राजे शुक्रवार को सुबह जयपुर से राजसमंद के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होगी। जहां वह चारभुजा जी के दर्शन करेंगी और पूजा अर्चना करेंगी। इसके बाद 11:00 बजे चारभुजा जी से रवाना होकर नाथ द्वारा पहुंचेंगी। नाथद्वारा में श्रीनाथजी के मंदिर में पूजा और दर्शन का कार्यक्रम है। इसके बाद वसुंधरा राजे राजसमंद के नाथद्वारा से रवाना होकर बांसवाड़ा के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर पहुंचेंगी। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में गहरी आस्था रही है। यहां भी राजे के पूजा अर्चना का कार्यक्रम है।

    पूर्व मंत्री प्रहलाद गुंजल के भाई को श्रद्धांजलि 
    राजे तकरीबन ढाई बजे कोटा के लिए रवाना होगी। कोटा पहुंचकर वसुंधरा राजे पूर्व मंत्री प्रहलाद गुंजल के भाई श्री लाल गुंजन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसके बाद राज्य का फिर से जयपुर लौटने का कार्यक्रम है।