अंगीठी के धुएं से दम घुटा: 5 लोगों की हुई मौत, एक मासूम की हालत गंभीर

    0
    153

    जयपुर। पूरे उत्तर भारत में इन दिनों सर्दी अपना कहर बरपा रही है। देश में पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान के चूरू में कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं दूसरा मामला बीकानेर का है, जहां पर दम घुटने से पति—पत्नी की मौत हो गई है।

    चूरू में परिवार के तीन लोगों की मौत
    चूरू जिले के रतनगढ़ में सर्दी से बचने के लिए कमरे में सिगड़ी जलाकर सोए परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। 3 महीने के मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। मरने वालों में मां-बेटी शामिल हैं। सीआई सुभाष बिजारणिया ने बताया कि रविवार रात को गौरीसर गांव निवासी अमरचंद प्रजापत की पत्नी सोना देवी (58), बहू गायत्री देवी (36) पत्नी राजकुमार, पोती तेजस्विनी (3) और 3 महीने का पोता खुशीलाल एक कमरे में सो रहे थे।

    दरवाजा नहीं खोला तो तोड़ी खिड़की
    रात को सर्दी से बचने के लिए सास-बहू ने कमरे में सिगड़ी जला रखी थी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे तक उनके कमरे का गेट नहीं खुला तो अमरचंद ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अमरचंद ने खिड़की तोड़कर देखा तो सभी लोग चारपाई पर सोते नजर आए। कोई हलचल नहीं थी। 3 महीने का पोता खुशीलाल रो रहा था। अमरचंद खिड़की से कमरे में घुसा। पत्नी, बहू और पोती मृत पड़े थे। दादा ने 3 महीने के पोते खुशीलाल को बाहर निकाला।

    बीकानेर में पति-पत्नी की मौत
    बीकानेर के बीछवाल थाना क्षेत्र में भी दम घुटने से पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों कूच बिहार के रहने वाले थे। यहां करणी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। बताया जा रहा है कि अनिल (40) और पूर्णिमा (36) रात को कमरे में सिगड़ी जलाकर सो गए थे। सुबह घर में कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों ने देखा। दोनों को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया।