जन आक्रोश यात्रा रिपोर्ट कार्ड: गहलोत के काम खुश नहीं जनता, ट्रक भरकर CMO भेजी जाएगी शिकायतें

    0
    158

    जयपूर। प्रदेश में बीजेपी की ओर से निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा अब पूरी हो रही है। बीजेपी प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह ने मीडिया के सामने जनाक्रोश यात्रा का रिपोर्ट कार्ड रखा। उन्होंने कहा एक ओर जहां अब सभी जिलों में गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। जयपुर में बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी चल रही है। कोर कमेटी की बैठक में कार्यक्रम तय किया जाएगा। यात्रा की सफलता का दावा करते हुए कहा कि इतनी शिकायतें मिली हैं कि उन शिकायत पेटियों को ट्रकों और बैलगाडियों में भरकर मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।

    200 विधानसभा क्षेत्रों में एक लाख 15 हजार किमी की यात्रा
    अरुण सिंह ने कहा कि जन आक्रोश यात्रा एक लाख 15 हजार किलोमीटर चली है। 200 विधानसभा क्षेत्रों में 200 यात्राएं निकाली गई हैं। इसके तहत करीब 1 करोड़ 20 लाख लोगों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि राजस्थान में 92 लाख पत्रक वितरित किए गए हैं। सांसदों ने 90 जनाक्रोश सभाओं में हिस्सा लिया। विधायकों ने 110 जनाक्रोश सभाओं में भाग लिया। प्रदेश पदाधिकारियों 112 सभाओं में शिरकत की। केन्द्रीय नेता 52 जनसभाओं में शामिल हुए। विधायकों ने 5280 नुक्कड़ सभा और चौपालों में सहभागिता निभाई।

    जनता की शिकायतों को सीएम के पास भेजा जाएगा
    शिकायतों का मेमोरेंडम तैयार कर उपखंड अधिकारियों के माध्यम से सीएम को भिजवाए जाएंगे।जन आक्रोश यात्रा के बाद अब बीजेपी की ओर से जयपुर में बड़ी सभा और प्रदर्शन किया जाएगा। जन आक्रोश यात्रा को पूरे प्रदेश में आम लोगों का समर्थन मिला है। हर घर-हर पंचायत में जन आक्रोश यात्रा पहुंची है। लोगों ने बड़ी संख्या में सरकार के खिलाफ शिकायतें दी हैं।