जोधपुर में नरसंहार! छह महीने की बच्ची सहित 4 सदस्यों की हत्या, कांग्रेस विधायक बोलीं- मैं तो खुद ही सेफ नहीं हूं

    0
    136

    जोधपुर। प्रदेश के जोधपुर जिले से नरसंहार की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या कर उन्हें जला दिया गया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर के बाहर सो रहे दंपती का गला रेता और उसके बाद झोपड़ी में सो रही उनकी पुत्रवधू और 6 महीने की पौत्री को उनके साथ जला दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना जोधपुर के ओसियां इलाके के चौराई गांव की है। आसपास के गांव के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और उनमें इस घटना को लेकर आक्रोश है।

    एक ही परिवार के 4 लोगों की बेरहमी से हत्या
    बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय पुनाराम, उनकी पत्नी 55 वर्षीय भंवरी देवी दोनों घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। वहीं, उनकी 25 वर्षीय पुत्रवधू धापू और 6 महीने की पौत्री मनीषा झोपड़ी में सो रही थी। सुबह-सुबह किसी ने घर के बाहर सो रहे दंपती का गला काट दिया। इसके बाद झोपड़ी में सो रही पुत्रवधू और पौत्री की हत्या कर सभी को झोपड़ी में डालकर आग लगा दी। गांव में आसपास रह रहे लोगों ने जब झोपड़ी से धुआं निकलते देखा तो वे मौके पर पहुंचे और तुरंत मिट्टी और पानी डालकर आपको काबू में किया जब अंदर देखा तो चारों के शव जले हुए पाए गए।

    विधायक बोलीं- मैं तो खुद ही सेफ नहीं हूं
    ओसिया की विधायक दिव्या मदेरणा को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने एसपी से इस मामले को लेकर बात की। उन्होंने इस मुद्दे को आज विधानसभा में उठाने की बात कही है। दिव्या मदेरणा ने आगे कहा, मैं तो खुद ही सेफ नहीं हूं, मेरी गाड़ी पर 20-20 लोग हमला कर देते है, हमला करने वाले गिरफ्तार नहीं हो रहे। पुलिस सुरक्षा में मेरे ऊपर हमला हो जाता है। मेरे पर हमला करने वाले आरोपी आज तक पकड़े नहीं जाते हैं। दिव्या ने कहा- मैने इस मामले को विधानसभा में उठाना चाहा। मुझे बोलने नहीं दिया गया।

    सीपी जोशी बोले, सीएम तीसरी पीढी से दुश्मनी क्यों निकाल रहे है
    विधायक दिव्या मदेरणा के अपनी ही सरकार पर सवाल खड़े करने के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- पता नहीं क्यूं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मदेरणा परिवार की तीसरी पीढी से दुश्मनी निकाल रहे हैं। पहले परसराम मदेऱणा, फिर महिपाल मदेरणा के साथ क्या हुआ। अब बहन दिव्या मदेरणा के साथ ऐसा व्यवहार ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की हमेशा के लिए दुश्मनी निभाने की आदत है।