
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को अपने गृहक्षेत्र घौलपुर के दौरे पर रही। राजे ने यहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात की। मुख्यमंत्री राजे ने धौलपुर में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं से भी मुलाकात की। इस मौके पर मुख्यमंत्री राजे ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि धौलपुर की महिलाओं ने अपनी मेहनत से जो मंजिल हासिल की है उससे क्षेत्र के ग्रामीण जन-जीवन में एक नही आशा और उम्मीद का संचार हुआ है। ये महिलाएं पूरे प्रदेश की महिलाओं को हुनर, रोजगार, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की सीख दे सकती है। मुख्यमंत्री राजे कृषि सखी, पशु सखी जन सखी के तौर पर लोगों को खेतीबाड़ी, पशुपालन, डेयरी आदि की आधुनिक तकनीकों का उपयोग सिखाने वाली इन महिलां के हौसले, लगन और आत्मविश्वास की मुख्यमंत्री राजे ने सराहना की। मुख्यमंत्री राजे ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि धौलपुर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को रिसोर्स पर्सन के तौर पर प्रदेश के दूसरे जिलों में भी भेजा जाए और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाए।

562 गांवों की 52000 महिलाएं स्वमं सहायता समूहों से जुड़ी हुई
मुख्यमंत्री राजे ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं से परिचय लिया तथा आर्थिक एवं पारिवारिक स्थितियों की जानकारी ली। धौलपुर जिले के 562 गांवों की 52000 से अधिक ग्रामीण महिलायें 12 महिला सहकारी समितियों, 318 ग्राम संगठनों एवं 4328 स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जुड़ी हुई हैं। इन महिलाओं ने मुख्यमंत्री को इन्टरनेट के माध्यम से नये-नये हुनर सीखकर खुद को आत्मनिर्भर बनाने सहित इन समूहों द्वारा किये जा रहे नवाचारों के बारे में अवगत कराया।
हर गांव की महिला को बनायेंगे आत्मनिर्भर
मुख्यमंत्री राजे ने धौलपुर की महिला स्वयं सहायता समूहों को जल संरक्षण के कार्यों से भी जोड़ने की बात कही। मुख्यमंत्री राजे ने मौके से राजस्थान रिवर बेसिन अथॉरिटी के अध्यक्ष को इन महिलाओं को वाटर बजटिंग के बारे में प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। राजे ने राजस्थान वित्त आयोग की अध्यक्ष ज्योति किरण को भी धौलपुर आने के निर्देश दिए। राजे ने ज्योति किरण को निर्देश दिए कि वे धौलपुर आकर स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं के गांवों में जाकर एक रिपोर्ट बनाए और उसके पैटर्न पर प्रदेश के अन्य गांवों को भी स्वयं सक्षम बनाने की कवायद शुरू करें।
धौलपुर, बाड़ी एवं राजाखेड़ा में महिला आत्मनिर्भरता के लिये एमओयू
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में धौलपुर, बाड़ी एवं राजाखेड़ा में सहेली समितियों के साथ नगर परिषद् एवं नगर पालिकाओं की ओर से इन नगरीय क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को सक्षम बनाने के उद्देश्य से एमओयू पर हस्ताक्षर किये गये। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने धौलपुर में शुरू किये गये मुख्यमंत्री कार्यालय के कैम्प ऑफिस में जनसुनवाई कर आमजन से अभाव अभियोग सुनें। उन्होंने लोगों को राहत पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिये मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।

