राजे बोलीं- करौली में कांग्रेस ने लगाई आग, BJP धर्म की नहीं, कर्म की करती है राजनीति

0
281

जयपुर। करौली हिंसा को लेकर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अशोक गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला है। वसुंधरा राजे ने दंगा पीड़ितों से मिलने के बाद कहा कि प्रशासनिक आदेशों के माध्यम से गहलोत सरकार हिंदू त्योहारों पर पाबंदी लगा रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि भाजपा के शीर्ष नेता आग लगाने का काम करते हैं। सरकार आपकी, पुलिस आपकी और प्रशासन आपका तो फिर दोष भाजपा पर क्यों? सभी को पता है कि सच क्या है। करौली में आग कांग्रेस ने लगवाई है।

कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति के कारण ही जला करौली
वसुंधरा राजे ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का तो एक ही लक्ष्य है, सबका साथ-सबका विकास। गहलोत पर हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि भाजपा धर्म की राजनीति करती है, जबकि भाजपा कर्म की राजनीति करती है। करौली कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति के कारण ही जला।

लोगों में दहशत, पलायन के लिए मजबूर
राजे ने कहा कि नववर्ष पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर षड्यंत्र पूर्वक पथराव किया गया। जिन्होंने प्राण घातक हमला किया उन पर भी वही धाराएं और जो घायल हुए उन पर भी वही धाराएं लगाई गईं। इस सरकार का यह कैसा न्याय है? यदि शोभा यात्रा से पहले ही प्रशासन सतर्कता बरतता तो यह घटना टल सकती थी। करौली से कई लोग पलायन कर गए हैं। कई लोग दहशत में जी रहे हैं।

कलेक्टर और एसपी को सुनाई खरी खोटी
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने करौली कलेक्टर और एसपी को बुलाकर उन्हें जमकर खरी खोटी सुनाई। राजे ने उन्हें अपनी संवैधानिक ज़िम्मेदारी का निर्वहन ढंग से करने की नसीहत दी। उन्होंने कलेक्टर एसपी से कहा कि याद रखना समय एक सा नहीं रहता है। ऐसी ग़लतियों का ख़ामियाज़ा भुगतना पड़ता है। जिस तरह से आपने लोगों के साथ अन्याय किया है, उसे भूला नहीं जा सकता। यह टोटली पुलिस और राज्य सरकार का फ़ेल्योर और षड्यंत्र है। राजे ने कहा कि दोषियों को तुरंत गिरफ़्तार किया जाए और किसी भी निर्दोष को जबरन नहीं फंसाया जाए।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here