12 साल की बच्ची के मां बनने के मामले में यू-टर्न, पीड़िता बोली- चचेरे भाई ने कई बार किया रेप

    0
    787

    जयपुर। प्रदेश के जोधपुर जिले के बालेसर थाना इलाके की रेप पीड़िता 12 साल की बच्ची के मां बनने के मामले में नया मोड़ आ गया है। दुष्कर्म पीड़िता ने पहले इसको लेकर अपने स्कूल के 3 सहपाठियों पर आरोप लगाया था, लेकिन अब उसने अपने चचेरे भाई को दुष्कर्म का आरोपी बताया है। घर में लगातार किए गए दुष्कर्म के कारण नाबालिग गर्भवती हो गई थी। पुलिस ने इन तीनों स्कूली छात्रों को छोड़ दिया है। वहीं, चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। चचेरे भाई की अप्रैल में ही शादी हुई है।

    तीन सहपाठियों पर लगाया अपहरण और रेप का आरोप
    दो दिन पहले बालेसर इलाके के एक गांव की 12 साल की नाबालिग छात्रा ने बच्चे को जन्म दिया था। गांव में तबीयत बिगड़ने पर उसे जोधपुर के उम्मेद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां पर उसे डिलीवरी होने पर लड़का हुआ। 12 साल की बच्ची के मां बनने पर उसके परिवार में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पीड़िता ने अपने तीन सहपाठियों पर अपहरण कर रेप करने का आरोप लगाया था। थाना पुलिस के जांच अधिकारी के सामने यू टर्न लेते हुए अपना बयान बदल दिया। उसने बताया कि तीन सहपाठियों ने नहीं, बल्कि चचेरे भाई ने उसके साथ दुष्कर्म किया है।