सवाईमाधोपुर : गंगापुर सिटी में वीएचपी की रैली पर उपद्रवियों का पथराव, इंटरनेट बंद और धारा 144 लागू

    0
    393

    जयपुर। राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी कस्बे में रविवार को विश्व हिन्दू परिषद की एक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव किया। पथराव के दौरान 5 लोग जख्मी हो गए और इसके अलावा 6 वाहनों में भी तोड़फोड़ किया गया। पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। पुलिस ने घरों में जाकर भी कुछ लोगों की धरपकड़ की। उपद्रवियों की गिरफ्तारी की मांग काे लेकर विहिप कार्यकर्ता देर रात तक फव्वारा चौक पर डटे रहे। आईजी लक्ष्मण गौड़ ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं।

    धारा 144 लागू और इंटरनेट बंद
    गंगापुर सिटी में 2 पक्षों में पथराव के बाद उपजे तनाव का प्रकरण, गंगापुर सिटी सर्किल क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दिया है। इसके साथ ही गंगापुर सिटी सर्किल क्षेत्र में इंटरनेट भी बंद कर दिया गया है। करौली व भरतपुर से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता समेत 1000 से अधिक पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे पर तैनात किए गए हैं। 25 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

    रैली पर मस्जिद के पास किया पथराव
    एसपी सुधीर कुमार ने बताया कि विहिप के स्थापना दिवस पर उसके कार्यकर्ता रैली निकाल रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे शुरू हुई रैली में कार्यकर्ता नारे लगाते हुए चल रहे थे। जामा मस्जिद के पास दूसरे पक्ष ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। दोनों पक्षों की नारेबाजी के बीच दूसरे पक्ष ने पथराव शुरू कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर उप्रदवियों को खदेड़ा।

    लोगों से शांति की अपील
    गंगापुर सिटी के वृत्ताधिकारी (सर्किल ऑफिसर) प्रतापमल ने बताया कि कस्बे में कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कस्बे में शांति है। गंगापुर सिटी के उपखंड मजिस्ट्रेट विजेन्द्र मीणा ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद की ओर से निकाली जा रही एक रैली पर मस्जिद और उसके आसपास के घरों से पथराव किया गया जिसके बाद कस्बे में तनाव उत्पन्न हो गया। उन्होंने बताया कि कस्बे में कानून- व्यवस्था बनाये रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल कस्बे में शांति है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके साथ ही लोगों से शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here