तीन पीढ़ियों तक राज किया, राजस्थान से पहली बार राज्यसभा में नहीं रहेगा इस पार्टी का प्रतिनि​धित्व

    0
    3514
    BJP Vs Congress

    राज्यसभा के लिए जल्द ही राजस्थान सहित 16 राज्यों में द्विवार्षिक चुनाव होने जा रहे हैं। राज्यसभा की 3 सीटों के लिए राजस्थान में 23 मार्च को होने वाले चुनाव में भाजपा का पलड़ा भारी रहने वाला है। राजस्थान विधानसभा में भाजपा के बहुमत को देखते हुए तीनों सीटों पर भाजपा का जीतना तय है। अगर ऐसा होता है तो बीजेपी पिछले चुनाव में कांग्रेस से बुरी तरह हार का बदला लेने में कामयाब हो जाएगी। साथ ही राजस्थान और कांग्रेस के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा जब तीन पीढ़ियों तक देश पर राज करने वाली पार्टी का राजस्थान से राज्यसभा में कोई प्रतिनिधित्व नहीं रहेगा। यह पहला मौका होगा जब राजस्थान से राज्यसभा में कांग्रेस का कोई सदस्य नहीं होगा और भाजपा का प्रदेश की सभी 10 सीटों पर कब्जा हो जाएगा।

    3 अप्रैल, 2018 को समाप्त हो रहा राजस्थान से तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल

    उल्लेखनीय है कि बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी और नरेन्द्र बुडानिया का कार्यकाल 3 अप्रैल, 2018 को समाप्त हो रहा है। वर्तमान में राजस्थान विधानसभा में बीजेपी की सरकार है। 200 विधानसभा सीटों वाले राजस्थान में बीजेपी के अभी 159 विधायक है। अगर कोई क्रॉस वोटिंग न हो तो तीनों सीटें बीजेपी के खाते में जाना तय है। राजस्थान में ऐसा हुआ तो राज्यसभा में राजस्थान से कांग्रेस का प्रतिनिधित्व समाप्त हो जाएगा। 200 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा विधायक कल्याण सिंह का हाल ही में निधन हुआ है, ऐसे में वर्तमान में 199 विधायक राज्यसभा चुनाव में मतदान करेंगे। इनमें से भाजपा विधायकों की संख्या 159 और कांग्रेस के 25 विधायक मतदान करेंगे। इसी तरह बसपा के 2, राजपा के 4, शेष 9 निर्दलिय है। इसी तरह से लोकसभा की सभी 25 सीटों पर भाजपा का कब्जा है। इस लिहाज से राज्यसभा की तीनों सीटों पर भाजपा का जीतना तय माना जा रहा है। वर्तमान हालातों को देखते हुए लगता है कि कांग्रेस राज्यसभा चुनाव में कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारेगी। BJP Vs Congress

    Read More: राजस्थान के लिए विशेष दिन: महिला दिवस, पीएम मोदी की यात्रा और सीएम वसुंधरा राजे का जन्मदिवस

    राजस्थान से भाजपा इनको भेज सकती है राज्यसभा.. BJP Vs Congress

    कांग्रेस के दो राज्यसभा सदस्यों के साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल 3 अप्रैल, 2018 को पूरा हो रहा है। भूपेन्द्र यादव को भाजपा फिर से राज्यसभा में भेज सकती है। उनका राज्यसभा में जाना लगभग तय माना जा रहा है। शेष दो सीटों में से एक सीट पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खेमा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी या विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल में से किसी एक को राज्यसभा में भेज सकता है। वहीं एक सीट पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के लिए छोड़ी जा सकती है, जिस पर पार्टी चाहे जिसे राज्यसभा में भेज सकती हैं। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राजस्थान से केन्द्रीय मंत्री केजे अल्फोंस, विजय गोयल, भाजपा नेता ओम प्रकाश माथुर, रामनारायण डूडी, नारायण लाल पंचारिया, राजकुमार वर्मा और हर्षवर्धन और भूपेन्द्र सिंह यादव और कांग्रेस के नरेन्द्र बुडानिया एवं अभिषेक मनु सिंघवी राज्यसभा सदस्य है। इनमें से अभिषेक मनु सिंघवी, नरेन्द्र बुडानिया और भूपेन्द्र यादव के कार्यकाल पूरा होने पर राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव हो रहे हैं।  

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here