आधार कार्ड से लिंक होगा आपका राशन कार्ड, देश के किसी भी कोने में ले सकेंगे अपने हिस्से का राशन

    0
    2339

    देश के जितने भी राशन कार्ड धारक है उनके लिए सरकार खुश खबरी लेकर आई है। अब जिसके पास भी राशन कार्ड है वो देश भर में कहीं भी, किसी भी उचित मूल्य की दूकान से अपने हिस्से का राशन ले सकेगा। सरकार की इस योजना से देश-प्रदेश के मजदूरों को लाभ मिलेगा। केंद्र ने हाल ही में सभी राज्यों के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्रियों और खाद्य सचिवों से चर्चा करने के बाद देशभर में राशन कार्डों को आधार कार्ड से लिंक करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस योजना को देशभर में एक साथ लागू किया जाएगा। इसका देश के अन्य राज्यों और जिलों में रहने वाले मजदूरों को सीधा फायदा मिलेगा। जानकारी के अनुसार राशन कार्ड व आधार कार्ड को आपस में लिंक किया जाएगा। इससे देश में किसी भी उपभोक्ता को कहीं भी राशन मिल सकेगा। इसके लिए रसद विभाग के कार्यालयों को आपस में जोड़ा जाएगा। अगर ऐसा हुआ तो इसका फायदा शहरों में काम कर रहे विभिन्न राज्यों के मजदूरों को भी मिलेगा।

    कार्ड लिंक होने के बाद अंगूठें के निशान से मिलेगा राशन

    योजना के पहले चरण में देश के सभी डीएसओ कार्यालयों का डाटा आपस में लिंक किया जाएगा। इससे पहले राशन को हाईटेक करने के लिए पोस मशीन से राशन वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके बाद सभी राशन कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ने के बाद डीएसओ कार्यालयों को एक दूसरे से जोड़कर राशन प्रणाली को मजबूती प्रदान की जाएगी। देशभर के डीलरों को हाइटेक प्रणाली के माध्यम से सभी राशन डीलरों के डाटा को एक दूसरे से जोड़ा जाएगा। जिससे राशन कार्ड आधार कार्ड के नंबर के आधार पर किसी भी कोने में राशन लेने जाने पर उपभोक्ता को अपनी पहचान या अंगूठे का निशान मशीन पर लगाने के बाद पूरा ब्योरा स्क्रीन पर जाएगा। उसके भुगतान करने के बाद संबंधित डीलर द्वारा उसे राशन दी जाएगी।

    श्रमिकों को मिलेगा हिस्से का पूरा राशन, कही भी, कभी भी

    केंद्र सरकार के नवाचार के तहत राशनिंग सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए देश के किसी भी कोने में राशन वितरण देने की व्यवस्था से मजदूर वर्ग को काफी फायदा मिलेगा। जो बाहर रोजगार के लिए जाते हैं, जहां उन्हें उस जगह के राशन कार्ड के अभाव में राशन नहीं मिलता है। वहीं अपने पैतृक गांव से बाहर होने पर राशन भी नहीं मिलता है। नवाचार से जिस जगह पर रोजगार के लिए जाएंगे तो उस जगह पर आधार लिंक होने से आसानी से राशन सामग्री मिल सकेगी।