
राजस्थान दिवस 27 से 30 मार्च तक मनाया जाएगा। इस चार दिवसीय आयोजन की तैयारियों को लेकर पर्यटन विभाग की शासन सचिवालय में बैठक हुई। बैठक में विभागों के उच्चाधिकारियों को आपसी समन्वय और सहयोग रखते हुए राजस्थान दिवस के अवसर पर हो रहे शृंखलाबद्ध कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।
27 मार्च को राजस्थान फेस्टिवल के शुभारंभ और 30 मार्च को होने वाले समापन समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लेजर शो, आर्मी, एयर फोर्स और पुलिस के बैंड वादन, आकर्षक आतिशबाजी पर भी बैठक में चर्चा की गई ।

राजस्थान दिवस के उद्घाटन अवसर पर स्थानीय एसएमएस स्टेडियम में 27 मार्च को शाम 6 बजे से होने वाले कार्यक्रमों में प्रसिद्ध निर्देशक एवं नाट्यकार भानु भारती की कॉरियोग्राफी में होने वाले आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम के संबंध में भी अतिरिक्त मुख्य सचिव ने जानकारी ली। इसी क्रम में 30 मार्च को शाम 6:45 बजे से जनपथ पर होने वाले समापन समारोह के दौरान स्पेक्टेकुलर लाइट एंड साउंड शो की व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी गई।

लाइट एंड साउंड शो में राज्य के वैभवशाली अतीत और संस्कृति की रंग-बिरंगी झांकी प्रस्तुत की जाएगी। ‘राजस्थान दिवस’ के दौरान होने वाले खेलों, मैराथन, साइकिल मैराथन आदि की जानकारी लेते हुए गोयल ने कहा कि मैराथन के समय ट्रैफिक पुलिस से समन्वय स्थापित कर यातायात की सुगमता और व्यवस्था बनाना जरूरी है। साथ ही 27 एवं 28 मार्च को शाम 7 से रात 9 बजे तक सेन्ट्रल पार्क में जयपुर कथक केन्द्र द्वारा आयोजित जयपुर कथक समारोह, 29 मार्च को अल्बर्ट हॉल में शाम 7 बजे से आयोजित मेगा ईवनिंग शो में होने वाले हैरिटेज फैशन शो के दौरान भी पुलिस और यातायात पुलिस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

