जयपुर आये एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद, राजस्थान से मिलेगा पूरा सपोर्ट: मुख्यमंत्री राजे

    0
    1745
    ramnath-kovind

    17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए देशभर के सांसदों और विधायकों के सहयोग एवं समर्थन के लिए देश के राज्यों में दौरा कर रहे सबसे मजबूत गठबंधन नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद आज गुरुवार दोपहर राजस्थान की राजधानी जयपुर पहुंचे। यहां कोविंद ने केंद्रीय नगरीय विकास मंत्री वेंकैया नायडू के साथ जयपुर में सिविल लाइंस के मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा के विधायक दल और सांसद दल के साथ वार्ता की। इस दौरान रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी सांसदों और विधायकों से समर्थन की अपेक्षा की। मुख्यंत्री वसुंधरा राजे ने विश्वास दिलाया कि पूरे राजस्थान से सभी सांसदों और भाजपा व सहयोगी दलों के साथ ही शेष निर्दलीय विधायकों का समर्थन कोविंद के पक्ष में रहेगा। राज्य के नगरीय विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी को कोविंद की उम्मीदवारी के लिए भाजपा का एजेंट भी बनाया जायेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ भाजपा प्रदेशाध्य अशोक परनामी, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, सभी सांसद सहित मंत्रिमंडल के सदस्य मौजूद थे।

    वंचित तबके का सहारा है कोविंद, प्रदेश की तरफ से पूरा समर्थन:

    मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रामनाथ कोविंद को देश के वंचित तबके का सहारा बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविंद ने हाशिये पर रहने वाले वर्ग के दुःख को समझ उनके लिए काम किया है। कोविंद के नेतृत्व में भारत उन्नति की नयी ऊंचाइयों को छुएगा। कोविंद के राजनैतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री राजे ने बताया कि रामनाथ कोविंद राज्यसभा सांसद के रूप में अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण, गृह मामले, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, विधि एवं न्याय विषयों की संसदीय समितियों के सदस्य की भूमिका का दायित्व निभा चुके है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविंद एक आदर्श राजनीतिज्ञ होने के साथ ही एक अच्छे कानूनविद् भी हैं। उन्होंने वर्ष 2002 में संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी सम्बोधित किया था।

    राष्ट्रपति पद की गरिमा का रखूँगा पूरा ध्यान, देशसेवा प्राथमिकता:

    सांसदों और विधायक दल को सम्बोधित करते हुए एनडीए के राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद ने कहा कि देश में राष्ट्रपति का पद सर्वाधिक गरिमामय होता है। इस पद को कई महान हस्तियों ने सुशोभित किया है। राष्ट्रपति के तौर पर चुने जाने पर इस पद की मर्यादा और गरिमा का सदैव ध्यान रखूँगा। कोविंद ने कहा कि देश के सभी राज्यों, सभी धर्मों, सभी वर्गों के साथ समतापरक व्यवहार कर उनका सर्वांगीर्ण विकास करना राष्ट्रपति के रूप में मेरी प्राथमिकता रहेगी। आधुनिक शिक्षा को समाज के हर तबके तक पहुंचाकर देश के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा कर उनकी अपेक्षाओं पर ख़रा उतरने का प्रयास रहेगा।

    भाजपा और सहयोगी दलों के अलावा निर्दलीयों ने भी किया समर्थन:

    कोविंद के नम्रतावादी व्यवहार और राजनैतिक व संवैधानिक समझ को देखते हुए प्रदेश के सभी सांसदों के साथ ही भाजपा एवं सहयोगी दलों के विधायक व अन्य विधायक भी समर्थन देने का वादा कर चुके है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की इस मिलान बैठक में केन्द्रीय मंत्री श्री पी.पी. चौधरी एवं श्री सी.आर. चौधरी, राज्य मंत्रिमण्डल के सभी सदस्य, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सहसंगठन मंत्री श्री वी. सतीश, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक परनामी, बिहार से सांसद श्री जनार्दन सिंह सिगरीवाल, गुजरात से सांसद श्री राजेशभाई चुड़ासमा, राजस्थान से लोकसभा एवं राज्यसभा के सदस्य, भाजपा के विधायक, जमींदारा पार्टी की विधायक श्रीमती कामिनी जिंदल एवं श्रीमती सोना देवी, निर्दलीय विधायक श्री माणिक चन्द सुराणा, श्री रणधीर सिंह भिंडर एवं श्री नरेन्द्र चौधरी, राज्य विधानसभा के सदस्य उपस्थित थे। सभी ने कोविंद को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि राजस्थान के कुल सांसदों एवं विधायकों के कुल वोटों का मूल्य करीब 48 हजार है। इनमें से 45 हजार रामनाथ कोविंद की उम्मीदवारी के समर्थन में हैं।