निकाय चुनाव परिणाम : कांग्रेस के विधायकों का रिपोर्ट कार्ड, मात्र 6 MLA ही पास

    0
    678

    जयपुर। प्रदेश के 12 जिलों के 50 निकायों में आए परिणाम भले ही कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ दिया हो, लेकिन निकाय परिणाम गहलोत सरकार के मंत्रियों और विधायकों के लिए सुखद नहीं है। बहुमत के दृष्टिकोण से पार्टी की हालत पतली है। हाल ही में पंचायती राज चुनावों में ग्रामीण क्षेत्रों में बीजेपी से मात खा चुकी कांग्रेस ने शहरी निकाय चुनाव में बीजेपी से बढ़त भले ही ले ली हो, लेकिन उसके अपने बूते पर बोर्ड बनाने के सपनों पर पानी फिर गया है। 50 निकायों के चुनावों में कांग्रेस के केवल 6 विधायक ही पास हुए हैं। शेष पार्टी को जीत दिलाने में फेल हो गये।

    हालांकि, यह बात दीगर है कि वह जोड़-तोड़ कर निर्दलीयों के सहयोग से बोर्ड में सफल हो जाएं, लेकिन निकाय चुनाव के परिणाम बता रहे हैं कि इन क्षेत्रों में मतदाताओं ने कांग्रेस पर पूरा विश्वास नहीं जताया है। मतदाता ने कांग्रेस ही नहीं बीजेपी पर भी विश्वास नहीं जताया है। इस बार निकाय चुनावों में मतदाता ने दोनों पार्टियों को अधर में छोड़कर निर्दलीयों पर भरोसा जताया है।

    केवल ये 6 विधायक निकाय के रण में हुये पास…
    – गुरमीत सिंह कुन्नर : करणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर और गजसिंहपुर चारों नगरपालिकाओं में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला
    – रोहित बोहरा : राजाखेड़ा में पूर्ण बहुमत
    – गिर्राजसिंह मलिंगा : बाड़ी में पूर्ण बहुमत
    – पीआर मीणा : टोडाभीम में पूर्ण बहुमत
    – इंद्राज गुर्जर : विराटनगर में पूर्ण बहुमत
    – पानाचंद मेघवाल : बारां नगर परिषद में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत