जयपुर पधारे अमित शाह, तीन दिन के दौरे में पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता से मिलेंगे

    0
    836
    vasundhara-raje-welcomes-amit-shah

    दुनियां के सबसे मज़बूत राजनैतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आज से शुरू होने वाले अपने तीन दिवसीय राजस्थान के दौरे पर आज शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे जयपुर पहुंचे। राजधानी जयपुर के एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी के साथ शाह का स्वागत किया। शाह आज 21 से 23 जुलाई तक कुल तीन दिन जयपुर में रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह अमित शाह का अभी तक का सबसे लंबा दौरा है। यह गौरतलब है कि अपने राजनीतिक ज्ञान और कौशल के बल पर शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ ही पार्टी के सर्वप्रमुख रणनीतिकार भी माने जाते हैं।

    पार्टी को मज़बूती देंगे शाह:

    भाजपा अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान के इस दौरे से प्रदेश में पार्टी को और अधिक मज़बूत बनाने का काम करेंगे। राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी व्यक्ति-व्यक्ति तक कैसे पहुंचाई जाए, इस पर शाह नीतियां बनाएंगे। अपने तीनदिवसीय दौरे में अमित शाह प्रदेश के हर पार्टी कार्यकर्ता से मिलेंगे। शाह प्रदेश में पार्टी संगठन के प्रत्येक स्तर की प्रत्येक इकाई की मज़बूती का आकलन करेंगे। भाजपा के पदाधिकारियों, सरकार के सभी सांसदों, विधायकों, पार्टी के मोर्चा व मंडल अध्यक्षों, विभिन्न इकाइयों के समन्वयकों, जिला अध्यक्षों व जिला प्रभारियों सहित पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता से अमित शाह मुलाकात करेंगे। अपने इस निर्धारित कार्यक्रम के अतिरिक्त भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के ख्याति प्राप्त लोगों से भी मिलेंगे। राज्य की वसुन्धरा सरकार के मंत्रियों से भी शाह मुलाकात करेंगे।

    पार्टी की तरफ से की गयी पूरी तैयारी:

    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अगवानी के लिए प्रदेश के सभी कार्यकर्ता तैयार खड़े हैं। अपने इस तीन दिन के दौरे में अमित शाह विश्राम के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय में रुकेंगे। शाह की मेज़बानी को ध्यान में रखते हुए राजधानी जयपुर के सी-स्कीम, सरदार पटेल मार्ग स्थित भाजपा कार्यालय की साज- सजावट का काम बड़ी तेजी से किया जा रहा है। अपने राजस्थान प्रवास में शाह प्रदेश में भाजपा सरकार की उपलब्धियों और सुशासन की समीक्षा करेंगे। शाह से वार्ता कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के सभी विभागीय मंत्री अपने-अपने विभाग में संचालित हो रहे काम-काज व उपलब्धियों के बारे में बताएंगे।

    सूत्रों के अनुसार यह रहेगा कार्यक्रम:

    आज शुक्रवार सुबह 10:30 बजे जयपुर पधार चुके शाह का शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत होगा। शाम 4 बजे शहर के बिड़ला सभागार में शाह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगे।

    अपने दौरे के दूसरे दिन अमित शाह प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों व अध्यक्षों से वार्ता  करेंगे। इसके बाद शाह प्रदेश के सांसदों तथा पार्टी विधायकों से मिलकर पार्टी की दूरदर्शी व आगामी रणनीति तैयार करेंगे। इस दिन पार्टी अध्यक्ष शाह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी विज़न को सामने रखेंगे। तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन यानि 23 जुलाई अमित शाह प्रदेश की दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी उत्सव समिति के सभी सदस्यों से मिलेंगे। इस मुलाक़ात के बाद शाह दिनभर शहर के विभिन्न वार्ड अध्यक्षों, पार्षदों, मंडल प्रमुखों, जिला प्रमुखों, तथा स्थानीय निकाय स्तर तक के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here