
हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग अब खत्म हो चुकी है। देवभूमि हिमालय प्रदेश के 50 लाख मतदाता 68 विधानसभा सीटों पर खड़े 337 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। ताजा रिपोर्ट के अनुसार शाम 4 बजे तक 64.80 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। पूरे हिमाचल में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ है और कहीं भी किसी तरह की कोई अशांतिपूर्ण हरकत देखने को नहीं मिली। पोलिंग बूथों पर सुबह से मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। चुनाव आयोग ने 399 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस चुनावी रण में 62 विधायकों सहित 337 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिसमें 19 महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं 112 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। ईसीआई द्वारा राज्य में चुनावी गतिविधियों की लाइव मॉनिटरिंग के लिए राज्य में 2307 मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Read More: http://rajasthantruths.com/union-minister-gajendra-singh-shekhawat-said-padmavati-controversy/
मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ था। हालांकि सुबह के समय पोलिंग बूथों पर लोगों की संख्या कम थी लेकिन दोपहर बाद संख्या में भारी इजाफा होने लगा। वैसे तो चुनाव में सब कुछ ठीक ठाक रहा लेकिन कई जगहों पर ईवीएम मशीनों के खराब होने या ठीक से काम न करने की शिकायत सामने आई हैं। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया कि धर्मशाला में सबसे ज्यादा 12 और झंडूता में सबसे कम दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। किसी भी विषम परिस्थिति से निपटने के लिए एक हेलीकॉप्टर को स्टैंडबाय पर रखा गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 80 फीसदी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। होमगार्ड और हिमाचल पुलिस के जवानों को भी लगाया गया है। चुनाव प्रबंधन के लिए करीब 37 हजार कर्मचारियों को मतदान केंद्रों पर पहले ही भेजा जा चुका है।
आज सोलन जिले में 102 साल की महिला ने भी अपने मत का प्रयोग किया। वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विपक्ष के प्रेम सिंह धूमल ने अलग—अलग अपनी पार्टियों के जीतने का दावा ठोका है। धूमल ने 60 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया है जबकि वीरभद्र ने कांग्रेस की पक्की जीत का डंका बजाया है। बता दें कि कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद का दावदार एक बार फिर वीरभद्र सिंह को और बीजेपी की तरफ से प्रेम कुमार धूमल को उम्मीदवार बनाया गया है।

