
प्रदेश के किसानों को उन्नत और विकसित खेती के बारे में जानकारी देने व प्रदेश के किसानों की 2020 में आय को दोगुना करने के लिए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ग्राम की अवधारणा पर काम साल 2016 में एक सफल आयोजन से किया। राजधानी जयपुर में नवंबर में हुए ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2016 की सफलता के दृश्य अब राजस्थान के किसान देख रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ग्राम को प्रदेश के हर संभाग मुख्यालय पर आयोजित करवाने के लिए काम किया। इस बार कोटा संभाग में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन 24-26 मई को किया जा रहा हैं। इस किसान मेले में किसानों के लिए राज्य सरकार स्मार्ट फार्म की अवधारणा लेकर आई हैं। किसान भाईयों को ग्राम कोटा में बताया जाएगा कि किस प्रकार एक स्मार्ट फार्म के जरिए बेहतरीन खेती की जा सकती हैं।

ज्यादा पैदावार, ज्यादा मुनाफा, कैसे करें प्राप्त
‘ग्राम कोटा‘ के आयोजन में अब एक सप्ताह भर बचा हैं। कृषि मंत्री सैनी सहित राज्य सरकार के आलाअधिकारी भी कोटा में किसानों के लिए व्यवस्था करने में जुट गए हैं। इस बार कोटा ग्राम में खास तौर पर किसान भाईयों को स्मार्ट फार्म के बारे में बताया जाएगा। राजस्थान के किसानों के पास जितनी जमीन हैं उसमें ज्यादा से ज्यादा पैदावार किस प्रकार करें और अपनी आमदनी को कैसे बढ़ाए इसके बारे में देश विदेश के उच्च प्रशिक्षित वैज्ञानिक और कृषि विशेषज्ञ विस्तृत रूप से बताएंगे।
स्मार्ट फार्म से कमाए किसान भाई लाभ
इसके अतिरिक्त ‘स्मार्ट फार्म’ में राजस्थान सरकार की विभिन्न कृषि नीतियों तथा संभाग की वर्तमान और उभरती कृषि ताकतों के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्मार्ट फार्म में सिंचाई की विभिन्न तकनीकों का लाइव डेमोंस्ट्रेशन दिया जाएगा, जिनमें मिनी स्प्रिंक्लर, स्प्रिंक्लर इरीगेषन, ड्रिप इरीगेशन तथा सोलर पम्पों का उपयोग शामिल होगा। यहां धनिया, मशरूम, जैतून, सिट्रस फलों, ड्रेगन फ्रूट, सहित विभिन्न फसलों का लाइव प्लांटेशन देखने को मिलेंगे। ये डेमोंस्ट्रेशन किसानों को बेहतरीन कृषि प्रौद्योगिकियों को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

इन तकनीकों की भी ग्राम में मिलेगी जानकारी
इसके अलावा ग्राम में ग्रीनहाउस के माध्यम से बेमौसम की खेती करने, शेड नेट हाउस के जरिए उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पादन, मोबाइल मृदा परीक्षण वैन, जल संरक्षण, प्लास्टिक मल्चिंग के जरिए खरपतवार की रोकथाम की तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

