मुख्यमंत्री ने कहा-अच्छा काम कर रहा है भण्डार व्यवस्था निगम

0
837
भण्डार व्यवस्था निगम

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने राजस्थान राज्य भण्डार व्यवस्था निगम की ओर से भण्डारण व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि निगम बेहतर कार्य कर रहा है। इससे न केवल निगम के लाभांश में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, बल्कि कृषकों को भी अपनी उपज के भण्डारण में अधिक सुविधा मिल रही है। राजे ने निगम की बेहतर व्यवस्थाओं, कार्यशैली तथा लाभ में बढ़ोतरी के लिए गहलोत के प्रयासों को सराहा। राजे ने यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर निगम की ओर से वर्ष 2016-17 के लिए लाभांश चैक भेंट करने के दौरान कही। इस दौरान भण्डारण निगम अध्यक्ष जनार्दन सिंह गहलोत ने मुख्यमंत्री राजे को 1.18 करोड़ रूपए का लाभांश चैक भेंट किया।

Read More: वसुंधरा राजे के 4 साल- जानिए.. उनके सबसे लोकप्रिय कार्यों का एक फ्लैशबैक

गहलोत ने बताया कि वर्ष 2016-17 में निगम को 34.48 करोड़ रूपए का लाभ हुआ है, जबकि वर्ष 2015-16 में 25.11 करोड़ रूपए का लाभ हुआ था। वर्तमान में निगम की कुल भण्डारण क्षमता 11.41 लाख मीट्रिक टन है, जिसमें से औसतन 84 प्रतिशत क्षमता का उपयोग हो रहा है। राज्य के विभिन्न जिलों में 93 स्थानों पर निगम के भण्डार गृह हैं। निगम के भण्डार गृहों पर संग्रहीत कृषि उत्पादन एवं अन्य जिंसों के भण्डारण शुल्क में कृषकों को दी जा रही छूट अन्य राज्य भण्डारण निगमों एवं केंद्रीय भण्डारण निगम की तुलना में सर्वाधिक है। समस्त सहकारी संस्थाओं को 10 प्रतिशत, कृषकों को 60 प्रतिशत तथा समस्त अनुसूचित जाति तथा जनजाति के कृषकों को 70 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है।

रिपोर्ट सुनकर मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने भण्डारण निगम की बेहतर व्यवस्थाओं, कार्यशैली तथा लाभ में बढ़ोतरी के लिए विभाग सहित गहलोत के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर निगम के प्रबंध निदेशक गिरिराज सिंह तथा कार्यकारी निदेशक मधुकर शर्मा भी मौके पर उपस्थित रहे।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here