भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहुंचे जयपुर, स्वागत में जयपुर ने बिछाए पलक पावड़े, मंत्रिमंडल की ली बैठक

    0
    2712
    amit-shah

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 21 जुलाई को जयपुर आगमन पर गुलाबी शहर उनके स्वागत के लिए भाजपामयी हो गया है। अमित शाह के स्वागत के लिए शहर के कई मार्गों पर भाजपा की झंडियां और होर्डिंग, बैनर्स लगाए गए हैं। शाह 23 जुलाई तक जयपुर रहेंगे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस दौरे को लेकर बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में तैयारियों का भी जायजा लिया था। शाह के स्वागत के लिए की गई तैयारियों के तहत लगाए गए कटआउट्स लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

    मुख्यमंत्री राजे ने किया शाह का स्वागत

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार सुबह करीब 10:40 बजे सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर अमित शाह का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, बीजेपी प्रदेश प्रभारी अनिवाश राय खन्ना, गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया, सवाई माधोपुर विधायक दीया कुमारी, जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष संजय जैन सहित राजस्थान से केन्द्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यों, अन्य जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

    अद्वितीय ऊर्जा और असीम उत्साह के साथ BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय Amit Shah जी का जयपुर में हो रहा ऐतिहासिक स्वागत!#PadharoShahRajasthan

    Posted by Rajyavardhan Rathore on Friday, July 21, 2017

    भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

    सांगानेर एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका बैंडवादन कर स्वागत किया। इसके अलावा अमित शाह के स्वागत के लिए गुलाबी नगर की सडक़ों पर भाजपा कार्यकर्ता जुटे रहे। अमित शाह के एयरपोर्ट से निकलने के बाद जवाहर सर्किल पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री भी उनके साथ रहीं। खास बात यह रही कि बीजेपी की महिला कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

    महात्मा गांधी और अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जयपुर पहुंचने पर सबसे पहले गांधी सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।इसके बाद उन्होंने अंबेडकर सर्किल पर अंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्पाजंलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने भी महात्मा गांधी तस्वीर पर पुष्पाजंलि अर्पित की

    प्रदेश मुख्यालय में ली मंत्रिमंडल की बैठक

    बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जयपुर पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने राजस्थान बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूती देने के लिए मंत्रिमंडल सदस्यों से बात की और साढ़े तीन साल के कार्यकाल का लेखा जोखा पूछा। इस दौरान अमित शाह एक-एक मंत्री से व्यक्तिगत रूबरू हुए और उनके विभागों की उपलब्धियों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा सुराज संकल्प के कितने वादे और घोषणाएं पूरी हुईं, इस बारे में भी जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। बैठक में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, मंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

    RESPONSES

    Please enter your comment!
    Please enter your name here