
जयपुर। प्रदेश के करौली जिले में दूषित पानी ने हाहाकार मचा दिया है। करौली जिले के हिंडौन में नलों में हो रही दूषित पानी की सप्लाई के कारण एक मासूम बच्चे सहित दो जनों की मौत हो गई। वहीं दूषित पानी पीने से बीमार होने वालों की संख्या 125 के पार पहुंच गई है। उल्टी दस्त के कारण शाहगंज के रहने वाले 12 साल के देव कोली और दत्तात्रेय पाड़ा निवासी रतन की मौत हो गई है। हिण्डौन शहर की कई बस्तियों में सप्ताह भर से नलों में गंदा पानी आ रहा है। लोगों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद भी विभाग में कोई सुनवाई नहीं की।
कई मरीजों की हालत गंभीर, जयपुर किया रेफर
हिण्डौन में दूषित पेय जल आपूर्ति का असर अब धीरे धीरे पूरे इलाके में दिखने लगा है आस पास की कॉलोनियों और मोहल्लों से अब तक 124 मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए हैं। पिछले चार दिन से लगातार उल्टी दस्त के मरीज अस्पतालों का रुख कर रहे हैं। अब तक डायरिया से 12 साल के बच्चे और 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। जिन मरीजों की हालत गंभीर है उन्हें जयपुर और करौली जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

