जयपुर। प्रदेश में बढ़ रही अपराधिक घटना गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। प्रदेश से एक के बाद एक दुष्कर्म की घटना सामने आ रही है। हाल ही में जोधपुर से रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां पर रिश्ते में नानी (35) का अपहरण कर एक दोहिते ने अपने दोस्त के साथ मिलकर गैंगरेप किया। हालांकि यह घटना करीब दो महीने पुरानी है, लेकिन पीडिता ने अब मामला दर्ज करवाया है। एक महिला गत 23 जुलाई को जाने के लिए भैरूजी चौराहा के पास बस से उतरी थी, जहां रिश्ते में उसका दोहिता अपने एक मित्र के साथ कार में पहले से खड़ा था। वो महिला को पीहर छोड़ने के बहाने कार में बिठाकर करवड़ थाना क्षेत्र में सुनसान जगह स्थित एक मकान में ले गए, जहां दोनों युवकों ने महिला से सामूहिक बलात्कार किया।
घरवालों को बताने के बाद दर्ज करवाया मामला
रातभर महिला को वहां रखा और दूसरे दिन दोनों ने महिला को पाली-जोधपुर रोड पर एक स्थान पर छोड़ा। महिला अपने घर लौट गई। बदनामी के डर से महिला ने किसी को कुछ नहीं बताया। आखिरकार उसने बुधवार को घरवालों को इस बारे में अवगत कराया। महिला दोनों युवकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के लिए गुरुवार को करवड़ थाने पहुंची। लेकिन अपहरण शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से होने की वजह से पुलिस महिला को लेकर शास्त्रीनगर थाने पहुंची। जहां दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक युवक महिला का रिश्ते में दोहिता है और दूसरा उसका दोस्त। दोनों की उम्र 20-22 वर्ष की है। दोनों की तलाश की जा रही है।