वसुंधरा राजे ने फिर बोला गहलोत सरकार पर ‘बयानी हमला’, जानिए इस बार क्या कहा

0
203

जयपुर। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार पर एक बार फिर निशाना साधा है। प्रदेश भाजपा के ‘नहीं सहेगा राजस्थान’ कैंपेन को सपोर्ट करते हुए राजे ने अपनी ताज़ा प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्वीट सन्देश में मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस सरकार को ना सिर्फ घेरा है, बल्कि अपनी पूर्ववर्ती सरकार के दौरान महिला अपराधों पर लगाम कसने पर लिए फैसलों के बारे में भी याद दिलाया है।

पीएम मोदी ने भी जताई चिंता
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि राजस्थान में जो महिला अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, उसका कारण सिर्फ और सिर्फ हमारे कामों पर ध्यान नहीं देना है। प्रधानमंत्री ने सीकर, बीकानेर, आबू दौरे के दौरान राजस्थान में महिला उत्पीड़न के बढ़ रहे आंकड़ों पर कड़े शब्दों में चिंता जाहिर की थी और कहा था कि ऐसी भयावह स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई है।

हमारे वक्त अपराध कम हुए, प्रदेश की साख बढ़ी : राजे
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि हमारी पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने महिला सुरक्षा के उद्देश्य से अभय कमांड सेंटर स्थापित किए, लेडी पेट्रोलिंग टीमें बनाई, महिला पुलिस थाने लगवाए, 24*7 हेल्प लाइन की शुरुआत की, रेलवे स्टेशनों पर महिला गार्ड लगाए, बच्चियों के साथ दुष्कर्म आरोपियों के लिए फांसी की सजा तक का कानून बनाया। हमारे इन कामों से महिलाओं के खिलाफ अपराध कम हुए और प्रदेश की साख बढ़ी थी।