
देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले कई संस्थाओं के एग्जिट पोल आ गए है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन नंबर दो पर रह सकता है लेकिन किसी भी पार्टी को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। एग्जिट पोल के मुताबिक पांच राज्यों में चार राज्यों में बीजेपी की सरकार बनती दिख रही हैं। यहां आपको बता रहे हैं कि पांच राज्यों में किसे कितनी सीटें मिलती दिख रही हैं।
उत्तरप्रदेश का कौन बनेगा सुल्तान
चुनाव के वास्तविक नतीजों में जीत किसे मिलेगी यह तो 11 मार्च को जारी होने वाला परिणाम ही बतायएगा लेकिन फिलहाल उत्तरप्रदेश से भाजपा के लिए बड़ी और राहत की खबर सामने आई हैं। एक्जिट पोल के मुताबिक यूपी में बीजेपी के लिए अच्छा संकेत है। एग्जिट पोल में यूपी में बीजेपी को 164-176, सपा गठबंधन को 156-169 सीटें, बीएसपी को 60-72 सीटें, अन्य के हिस्से 02-06 सीटें मिलने की संभावना है। इंडिया टुडे के ऑपिनियन पोल में भाजपा को 280 सीटे तक मिल सकती हैं। एग्जिट पोल के मुताबिक विधानसभा में किसी बहुमत नहीं आ रही है। ऐसे हालत में मायावती के पास सत्ता की असली चाबी रहेगी।
2012 के नतीजों पर ड़ाले एक नज़र
2012 के विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी एसपी 224 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। दूसरे नंबर पर बीएसपी रही थी और उसे 80 सीटें मिली थीं। बीजेपी को 47 सीटें मिली थी और कांग्रेस की झोली में 28 सीटें गई थीं।
पंजाब में किसकी चलेगी सरदारी
एग्जिट पोल के मुताबिक पंजाब से कांग्रेस के लिए अच्छी खबर आने वाली है। पंजाब में अकाली-बीजेपी गठबंधन सरकार की विदाई हो सकती हैं। बड़ी बात ये भी कि पहली बार दिल्ली के बाहर केजरीवाल की पार्टी की ताकत पंजाब में दिखने वाली है। एग्जिट पोल के मुताबिक यहां कांग्रेस नंबर एक की पार्टी बनेगी और आप नंबर दो पर रहेगी। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं। पिछले 10 सालों से वहां शिरोमणी अकाली दल और बीजेपी की सरकार है। लेकिन एग्जिट पोल के मुताबिक इस बार अकाली बीजेपी गठबंधन को 19-27 सीटें, कांग्रेस को 46-56 सीटें, आम आदमी पार्टी को 36-46 सीटें मिलती दिख रही हैं।
उत्तराखंड में मोदी लहर का बजेगा डंका
एग्जिट पोल में बीजेपी को मोदी लहर का सबसे बड़ा फायदा उत्तारखंड में मिलता दिख रहा है, जहां बीजेपी कांग्रेस के हाथ से सत्ता छीनती दिख रही है। बीजेपी ने उत्तऱाखंड का चुनाव भी मोदी के चेहरे पर ही लड़ा था। एग्जिट पोल में मुताबिक बीजेपी को 34 से 42 सीटें मिल सकती हैं। सत्ताधारी कांग्रेस को 23 से 29 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 3 से 9 सीटें जा सकती हैं। हालांकि कांग्रेस एग्जिट पोल के नतीजों को खारिज कर रही है। कांग्रेस को अभी भी उम्मीद है कि हरीश रावत सरकार के कामकाज की वजह से जनता उन्हें दोबारा सिंहासन पर बिठाएगी।
गोवा में एक बार फिर भाजपा बनेगी बड़ी पार्टी
विभिन्न न्यूज़ चैनल और सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल की मानें तो गोवा में एक बार फिर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। पोल के मुताबिक गोवा में बीजेपी को 16 से 22 सीटें, कांग्रेस को 10 से 16 सीटें, आम आदमी पार्टी को 0 से 4 सीटें और एमजीपी को 1 से 5 सीटें मिलती दिख रही हैं। इंडिया टुडे और एक्सिस के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी को 18 से 22 सीटें, कांग्रेस को 9 से 13 सीटें, आम आदमी पार्टी को 0 से 2 सीटें और अन्य को 4 से 9 सीटें मिलती दिख रही हैं।
तो क्या मणिपुर में रहेगी भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर
विभिन्न न्यूज़ चैनल और सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल की मानें तो मणिपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है। उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरने के अनुमान के साथ ही बीजेपी के लिए मणिपुर से बड़ी खुशखबरी है। इंडिया टीवी और सी वोटर के एग्जिट पोल के मुताबिक बीजेपी मणिपुर में कांग्रेस से सत्ता छीन सकती है। मणिपुर में बीजेपी को 25 से 31 सीटें, कांग्रेस को 17 से 23 सीटें और अन्य को 9 से 15 सीटें मिलती दिख रही हैं।

