धौलपुर उपचुनाव: भाजपा ने लगाया शोभारानी पर जीत का दांव, नामांकन करवाने के लिए पहुंचे आधा दर्जन नेता

0
1846


मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में तीन साल पहले राजस्थान में भाजपा ने एतिहासिक जीत का आंकड़ा छुआ था। साल 2013 में कांग्रेस को औंधे मुंह पटखनी देते हुए भाजपा ने 200 में से 162 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की थी। एक बार फिर राजस्थान में चुनावी सरगर्मीयां तेज हुई हैं, वजह हैं राजस्थान की धौलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव। धौलपुर विधानसभा सीट से भाजपा ने इस बार कमल खिलाने के लिए जेल में बंद बसपा नेता की पत्नी सोभारानी पर जीत का दांव लगाया है।

एक महीने पहले 15 फरवरी को पार्टी ज्वॉइन की

भाजपा उम्मीदवार शोभारानी कुशवाहा नामांकन के ठीक एक महीने पहले 15 फरवरी को भाजपा में शामिल हुईं। इससे ठीक तीन दिन पहले ही बीएल कुशवाह 5 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। इसी के बाद धौलपुर की राजनीति में इतना बड़ा दांव खेला गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी के साथ प्रदेश मंत्री भजनलाल शर्मा, पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष जगमोहन बघेल और चिकित्सा मंत्री की मौजूदगी में शोभारानी के साथ 300 से अधिक समर्थकों ने इस मौके पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

अशोक परनामी, दुष्यंत सिंह पहुंचे नामांकन करवाने

शोभारानी कुशवाहा के नामांकन दाखिल के समय बुधवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी के साथ आधा दर्जन मंत्री धौलपुर पहुंचे। इस अवसर पर नगर परिषद में जनसभा के दौरान भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का हवाला देते हुए शोभारानी की जीत के लिए जमकर प्रचार हुआ। इस जनसभा में सांसद दुष्यंत सिंह, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़, परिवहन मंत्री यूनुस खान, जल संसाधन मंत्री रामप्रताप, भाजपा प्रदेश मंत्री जगमोहन बघेल, वक्फ विकास परिषद के अध्यक्ष अब्दुल सगीर भी मौजूद रहे। यह जनसभा शोभारानी के शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखी जा सकती है जिसमें करीब 10 हजार अधिक से लोग पहुंचे।

धौलपुर विधानसभा सीट फैक्ट फाइल

मतदाता- 1,82,162

मतदान केंद्र- 219

पुरुष मतदाता- 97,095

महिला मतदाता- 85,067

पूर्व विधायक- बसपा नेता बीएल कुशवाहा

उप चुनाव: मतदान 9 अप्रैल को, नतीजा 14 अप्रैल को गणना

धौलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान नौ अप्रैल को होगा। उपचुनाव के लिए 14 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही पर्चा भरने का काम शुरू हो गया है। मतदान के बाद 14 अप्रैल को मतगणना होगी।

24 अप्रैल तक ले सकेंगे नाम वापस

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत के अनुसार 21 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे अगले दिन 22 मार्च को दाखिल नामांकन पत्रों की जांच होगी। 24 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।

RESPONSES

Please enter your comment!
Please enter your name here