
तीन दिन पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और राजस्थान के सांसद-विधायक दल की बैठक में अचानक दिल का दौरा पड़ने के बाद, गश खाकर गिर पड़े अजमेर सांसद सांवरलाल जाट की हालत में डॉक्टर्स ने अब थोड़ा सुधार बताया है। इतने दिनों से राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सांवरलाल जाट का इलाज़ जयपुर एसएमएस अस्पताल और दिल्ली एम्स के डॉक्टर्स की टीम कर रही है। गौरतलब है कि जाट की दोनों किडनी खराब है। इस समस्यां की शिकायत तो उन्हें पहले से ही थी। लेकिन चिकित्सकों की जांच में यह स्पष्ट रूप से सामने आया। जाट के उत्सर्जन तंत्र को ठीक करने के लिए कल सोमवार को जाट का डायलिसिस किया गया। डायलिसिस करने वाले डॉक्टर एस.एस.यादव ने बताया कि डायलिसिस की प्रक्रिया में कोई परेशानी नहीं आई। अब जाट धीरे-धीरे सुधार की ओर बढ़ रहे हैँ।
एम्स के डॉक्टर्स ने बताया, अभी बेहतर है स्थिति:
सांवरलाल जाट की नाज़ुक तबियत को देखते हुए दिल्ली एम्स के चिकित्सकों की टीम जयपुर के एसएमएस अस्पताल में बुलाई गई। एम्स के चिकित्सकों ने सांसद की जांच प्रक्रिया पूरी कर बताया कि अभी स्थिति में सुधार है। सांवरलाल जाट की की गई सीटी स्केन जांच भी सामान्य ही आई है। जयपुर में चल रहे उपचार को भी एम्स के डॉक्टरों ने बेहतर बताया है।
राजस्थान विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति ने पूँछी कुशलक्षेम:
अभी कुछ दिन पहले राजस्थान विश्वविद्यालय में नियुक्त हुए कुलपति प्रोफेसर आर.के.कोठारी भी कल सोमवार को अजमेर सांसद जाट की सेहत की कुशलक्षेम लेने एसएमएस अस्पताल पहुंचे। यह उल्लेखनीय है कि प्रोफ़ेसर सांवरलाल जाट राजस्थान विश्वविद्यालय के शिक्षक रह चुके हैं। प्रो. आर.के.कोठरी ने उनके जल्द स्वस्थ होकर जनता के बीच आने की कामना की। राजस्थान सरकार के सहकारिता विभाग के मंत्री अजय सिंह किलक भी सोमवार को जाट से मिलने अस्पताल पहुंचे। इसी के साथ राजस्थान विश्वविद्यालय अधिकारी संघ की ओर से प्रोफ़ेसर सांवरलाल जाट के जल्द सेहतमंद होने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

