वसुंधरा राजे का गहलोत पर हमला, 10 दिन का वादा 5 बरस में नही हुआ पूरा

    0
    248

    जयपुर। राजस्थान के चुनावी संग्राम में आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। पांच साल चली कांग्रेस सरकार अपनी योजनाओं का दम भर रही है तो भारतीय जनता पार्टी उनका दम निकालने का प्रयास कर ही है। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने एक बार फिर अशोक गहलोत पर हमला बोला है। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस जनता को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में बनी रहना चाहती है, लेकिन यह पब्लिक सब जानती है। वसुंधरा राजे इन दिनों हाड़ौती के दौरे पर हैं और वह अपने कार्यक्रमों में कांग्रेस को आड़े हाथों ले रही हैं।

    10 दिन का वादा 5 बरस में भी पूरा न कर सकी कांग्रेस
    पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कांग्रेस जनता को झूठे सपने दिखा कर सत्ता में बनी रहना चाहती है, लेकिन यह पब्लिक है, जो सब जानती है। यह वही कांग्रेस है जिसने पिछले चुनाव में किसानों का 10 दिन में कर्जा माफ करने का वादा किया था, जो 5 बरस में भी पूरा नहीं हुआ।

    सैकड़ों किसान कर चुके आत्महत्या
    राजे ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि वादा खिलाफ़ी के कारण सैकड़ों किसान आत्महत्या कर चुके हैं। हमने वादा नहीं किया फिर भी किसानों की स्थिति को देखकर हमारी सरकार ने 27.15 लाख किसानों का सात हजार, 700 करोड़ का कर्जा माफ किया। राजे ने झालावाड़ के हरनावदा गजा, ढाबला भोज, दांता, बोलिया बारी, सरखेड़ी, रामपुरिया, शेरपुर, चंवली, रायपुर सहित डेढ़ दर्जन गांवों में जनसभा की।