वनडे इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाली दुनिया की पहली महिला बल्लेबाज बनी मिताली राज, रचा इतिहास

    0
    1062
    mithali-raj

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मिताली राज ने बुधवार को विश्व क्रिकेट में एक नया इतिहास बनाया है। इंगलैंड में इन दिन महिला क्रिकेट विश्व कप चल रहा है जिसमें मिताली राज लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। मिताली को अपने 6 हजार रन बनाने के लिए सिर्फ 34 रन की दरकार थी। इन 34 रनों को पूरा करने के बाद मिताली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गयी है जो एक विश्व रिकॉर्ड है। मिताली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलते हुए 4 चौके और एक छक्के की मदद से 114 गेंदों में 69 रन की शानदार पारी खेल इस दुनिया की पहली 6 हजारी महिला क्रिकेटर बन गई है। भारतीय कप्तान मिताली राज ने इंगलैंड की पूर्व खिलाड़ी चार्लेस एडवर्ड्स को पीछे छोड़ते हुए 164 पारियों में यह रिकॉर्ड स्थापित किया है।

    एडवर्ड्स को पछाड़ बनी नंबर 1

    वनडे महिला क्रिकेट में 6000 रन पूरे करने वाली मिताली पहली खिलाड़ी बन गई है । एडवर्ड्स ने 191 वनेड मैचों में 5992 रन बनाएं थे। मिताली राज ने आईसीसी महिला विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीग मैच के दौरान 34वां रन पूरे करते ही महिला एकदिवसीय प्रारूप में सर्वाधिक रन बनाने वाली पहली बल्लेबाज बनी।

    183 मैचों की 164 पारियों में बनाएं 6010 रन

    मिताली राज ने अब कुल 183 वन-डे इंटरनेशनल मैचों की 164 पारियों में 6,010 रन बनाए हैं, मिताली कुल 48 बार नॉट आउट रही हैं, और उनका औसत 51.81 रहा है। जबकि शारलेट ने 23 बार नॉट आउट रहकर 38.16 की औसत से ये रन बनाए हैं। हालांकि शारलेट शतकों के मामले में मिताली से आगे हैं, क्योंकि उन्होंने कुल नौ बार शतकीय पारियां खेली हैं, जबकि मिताली केवल पांच बार 100 का आंकड़ा छू पाई हैं। अर्द्धशतकों के मामले में मिताली आगे हैं, और उन्होंने शारलेट के 46 अर्द्धशतकों की तुलना में 49 बार पचासा ठोका है। नाबाद 173 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेल चुकीं शारलेट अपने वन-डे करियर के दौरान कुल 16 बार शून्य पर पैवेलियन लौटी हैं, जबकि मिताली ने नाबाद 114 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है, और वह कुल पांच बार बिना खाता खोले आउट हुई हैं।