
आज एक बार फिर भारतीय सेना के जांबाज़ों ने पाकिस्तानी सेना के नापाक मंसूबों को शिकस्त देते हुए अपनी वीरता और कार्यकुशलता का परिचय दिया। जैसा की हम सभी जानते हैं पाकिस्तानी सेना ने गत वर्ष सितम्बर में हुई ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ के बाद नियंत्रण रेखा (आईओसी) के आस पास के क्षेत्रों में गोलाबारी एवं घुसपैठ करने का दुस्साहस कई बार किया है। इस बार भी हमारे पड़ोसियों ने जम्मू कश्मीर स्थित कृष्णा घाटी सेक्टर के पास फायरिंग करने की कोशिश की। इस क्षेत्र में कुछ महीने पहले हुई गोलाबारी में भारतीय सेना के दो बहादुर सैनिक वीरगति को प्राप्त हो चुके थे परंतु इस बार हमारे जवान दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने हेतु तैयार थे।
‘टाइम्स नाउ’ टीवी चैनल द्वारा आज वायरल हुए एक वीडियो में दिखाया गया कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा बेबात फायरिंग के जवाब में भारतीय सेना ने मात्र 60 सेकंड में पाकिस्तानी बंकर पर आग बरसते हुए उसे नेस्तानाबूत कर दिया। पाकिस्तान के उग्र रवैये को देखते हुए, इस तरह के सीमावर्ती फायरिंग जम्मू-कश्मीर के घाटी क्षेत्रों में आम बात हो गयी है परंतु भारत ने पहली बार उन्ही का रवैया अपनाते हुए उनकी भाषा में पड़ोसियों को करारा जवाब दिया है।
यहां इस वीडियो में देखें कैसे उड़ी पाकिस्तानी बंकर कि परखच्चियां—
रक्षा मंत्री अरुण जेटली और सरकार के शीर्ष सूत्रों ने इस बात की पहले भी पुष्टि की थी कि भारतीय सेना को पाकिस्तान के उत्पीड़न का बदला लेने हेतु सरकार द्वारा खुली छूट दी गयी थी और हमारे जवानों ने ये साबित कर दिया कि वे दुश्मन के इरादों से डरने वाले नहीं।
इस साल जनवरी से ले के अब तक भारतीय सेना ने जम्मू और कश्मीर क्षेत्र में 26 वीर सैनिकों को गंवाया है। ऐसे में भारत द्वारा पाकिस्तानी बंकर का उड़ाया जाना दुश्मनों के लिए एक कड़ा सन्देश है कि सेना हर तरीके से देश की सुरक्षा हेतु कटिबद्ध है।

