महंगाई की मार! फिर महंगा हुआ गैस सिलेंडर, एक साल में सरकार ने बढ़ाए 203 रुपए

    0
    161

    जयपुर। आम आदमी को होली के त्यौहार से पहले एक बार फिर महंगाई ने झटका दिया है। तेल-गैस कंपनियों ने बुधवार सुबह से ही घरेलू और कॉमर्शियल गैस की कीमतोंं में इजाफा कर दिया है। कंपनियों ने घरेलू गैस सिलेंडर की रेट में 50 रुपए बढ़ा दिए हैं। वहीं, कॉमर्शियल सिलेंडर में भी 350 रुपए बढ़ाए गए हैं। यानी राजस्थान में आज से घरेलू गैस के 1106.50 रुपए देने होंगे। कॉमर्शियल सिलेंडर की रेट पहली बार दो हजार को पार कर गई है। ये सिलेंडर अब 2138 रुपए में मिलेगा।

    रसोई गैस की कीमतों ने बनाया नया रिकॉर्ड
    कंपनियों के इस निर्णय के बाद अब रसोई गैस की कीमतों में नया रिकॉर्ड बना है। इससे पहले घरेलू रसोई गैस कभी इतनी महंगी नहीं हुई। इससे पहले एक जनवरी को कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस की कीमतों में 25.50 रुपए का इजाफा किया था। वहीं तेल-गैस कंपनियों के इस निर्णय से अब राज्य सरकार पर अगले महीने से आर्थिक भार और बढ़ जाएगा।

    एक साल में 203 रुपए महंगा हुआ सिलेंडर
    बीते साल रसोई गैस सिलेंडर 203 रुपए महंगा हुआ है। फरवरी 2022 तक उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम का रसोई गैस सिलेंडर 903.50 रुपए में मिलता था, लेकिन आज ये बढ़कर 1106.50 रुपए पर पहुंच गया है। पिछले साल कंपनियों ने मार्च में 50 रुपए, मई में 53 रुपए और जुलाई में 50 रुपए बढ़ाए थे, जिसके बाद आज कंपनियों ने वापस 50 रुपए का इजाफा किया है।