
राजस्थान निर्वाचन आयोग की घोषणा के बाद आज धौलपुर चुनाव प्रचार प्रक्रिया की समाप्ति हुई। आज सत्तारूढ़ भाजपा के साथ-साथ विपक्षी कांग्रेस ने मतदाताओं को लुभाने के लिए आखिरी प्रयास किये। इसी के साथ कई समय से राजस्थान मीडिया के आकर्षण का केंद्र बने हुए धौलपुर उपचुनाव की तैयारी तेज़ हो गयी है। हाल ही में मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) अश्विनी भगत ने मतदान तैयारीयों की निगरानी के लिए धौलपुर में एक बैठक आयोजित करने की घोषणा की जोकि जल्द होगी।
इस बीच सभी प्रत्याशिओं और समर्थकों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
कांग्रेस के रोड शो में रह गयी कुछ कमी, मतदाताओं को रिझा नहीं पाए पायलट। गहलोत से दूरियां पड़ गयी महंगी।
कांग्रेस प्रत्याशी बनवारीलाल शर्मा के समर्थन में उतरे कांग्रेस के पीसीसी अध्यक्ष सचिन पायलट ने घर-घर जा के लोगों से वोट मांगे। गुरुवार शाम को पायलट ने काली माई मंदिर से टाउन चौकी तक लगभग 4 किमी क्षेत्र कवर करते हुए एक रोड शो किया। अपने रोड शो के माध्यम से पायलट ने घंटाघर, हरिजन बस्ती, गुरुद्वारा तथा वाटरवर्क्स आदि क्षेत्रों में लोगों से जनसम्पर्क किया। कांग्रेस समर्थकों ने फूल-माला से पायलट का स्वागत किया।
हमेशा कि तरह इस बार भी कांग्रेस के पास धौलपुर में चुनाव लड़ने का कोई मुद्दा नहीं था। उन्होंने निर्वाचन आयोग से इस बार भी भाजपा मंत्रियों को यह कह के की वे मतदाताओं को डरा-धमका रहे हैं, निकलवाने की मांग की। और हर बार की तरह निर्वाचन आयोग ने फिर से उनकी बातों को तवज्जो नहीं दिया। भाजपा के नेता आज अपने रोड शो के होने तक धौलपुर में जमे हुए थे।
भगवामय हुआ आज धौलपुर: शोभारानी के संग मुख्यमंत्री से मिलने उमड़ा जन-सैलाब
आज मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, सांसद दुष्यंत सिंह और भाजपा प्रत्याशी शोभारानी के साथ सड़क पर भाजपा का एक विशाल रोड शो आयोजित किया गया। उनके साथ प्रदेश भाजपा प्रमुख अशोक परनामी के अतिरिक्त मंत्री यूनुस खान, मनोज राजोरिया, पुष्पेंद्र सिंह, राजेंद्र राठौड़ आदि ने हिस्सा लिया। ओपन गाड़ी में सवार होकर मुख्यमंत्री का काफिला टाउन चौकी से ले कर सड़क के सभी प्रमुख जगहों से निकला। रोड शो में जगह-जगह भाजपा मंत्रियों के संग भारी संख्या में धौलपुर के लोगों ने भी भाग लिया। जगह जगह मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
इस बीच भारी भीड़-भड़क्के में मुख्यमंत्री के पैर में चोट भी लग गई परन्तु इसके बावजूद उन्होंने रोड शो के अंत तक पार्टी के प्रचार की कमान थामी रही और जगह-जगह बने स्वागत द्वारों पर जा कर जनता का आभार प्रकट किया। इस बीच मुख्यमंत्री ने जनता को सम्बोधित करते हुए अपना विकास का नारा दोहराया और धौलपुर की जनता को शोभारानी के जीतने के बाद सारे वादे पूरे करने का आश्वासन दिया।
भाजपा के भव्य रोड शो के आगे पायलट का प्रचार थोड़ा फीका ही लगा। राजनीतिज्ञों की मानें तो इसका कारण कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाईयां और पायलट-गहलोत के बीच बढ़ती दूरियां हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो भविष्य में कांग्रेस को इसका भारी खामियाज़ा भुगतना पड़ सकता है।

