अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर फिर साधा निशाना, बिना नाम लिए लगाया ये गंभीर आरोप

    0
    360

    जयपुर। राजस्थान की सियासत में एक बार फिर सियासी सरगर्मी एकाएक बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर इशारों ही इशारों में सूबे के पूर्व डीप्टी सीएम सचिन पायलट पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री गहलोत ने एक बार फिर सचिन पायलट को आड़े हाथ लेते हुए बिना नाम लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भड़काने का आरोप लगाया है। सीएम गहलोत ने जयपुर में एक कार्यक्रम में कहा कि हमारी पार्टी के कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम करते हैं।

    पायलट पर लगाया कार्यकर्ताओं को भड़काने का आरोप
    आज़ादी की गौरव यात्रा के समापन समारोह के मौके पर मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता कार्यकर्ताओं को भड़काने का काम कर रहे हैं। वे कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की बात करते हैं। लेकिन वे जानते नहीं है कि कार्यकर्ताओं का मान सम्मान क्या होता है। हम कार्यकर्ताओं का मान सम्मान करते करते ही नेता बने हैं।

    सचिन ने कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को लेकर दिया था बयान
    आपको बता दें कि सचिन पायलट अक्सर कार्यकर्ताओं के मान सम्मान को लेकर बयान देते रहते हैं। माना जा रहा है कि गहलोत ने पायलट की ओर से बार-बार दिये जाने वाले उसी बयान का अप्रत्यक्ष रूप से जवाब दिया है। जालोर के सुराणा में टीचर की पिटाई से दलित बच्चे की मौत पर सवाल उठाते हुए पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने इसे वंविचत तबकों के मनोबल टूटने से जोड़ा है। सचिन पायलट ने कहा कि उम्मीद करता हूं कि इस प्रकार की घटनाओं पर हमें हमेशा के लिए अंकुश लगाना होगा।