धौलपुर की जनता को होगा अहसास, जो काम 55 सालों में नही हुआ अब डेढ़ सालों में होगा: परनामी

0
1331

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने दावा किया हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का नेतृत्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ही करेगी। परनामी ने धौलपुर में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिस प्रकार धौलपुर उप चुनाव में बीजेपी की जीत मुख्यमंत्री राजे के करिश्माई नेतृत्व, उनके द्वारा करवाए गए विकास कार्य और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा हैं।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में होंगे विधानसभा चुनाव

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष परनानी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि धौलपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की जीत का दारोमदार मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और सांसद दुष्यंत सिंह पर ही था। उन्होने कहा कि राजे ने धौलपुर की जनता को बिना मांगे बहुत कुछ दिया हैं जिसके कारण धौलपुर की जनता ने उन्हे इतनी बड़ी जीत से नवाजा हैं। ऐसा ही कुछ आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई देगा। वर्तमान में भाजपा सरकार ने प्रदेश के चप्पे चप्पे में विकास कार्य करवाए हैं और जनता के दुख-दर्द को साझा किया हैं। मुख्यमंत्री राजे आमजन की पीड़ा को समझती है और इसीलिय जनता प्रदेश की मुखिया के रूप में राजे को देखना पसंद करती हैं।

कांग्रेस ने 55 सालों में नही किया वो हम डेढ़ सालों में करेंगे

परनामी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उप चुनाव के दौरान जनता से किए गए वायदो को अब अमली जामा पहनाया जा रहा है। धौलपुर की जनता को यह अहसास होगा कि जो काम कांग्रेस ने अपने 55 सालों के शासन में नही किया वह विकास अब डेढ साल में मुख्यमंत्री राजे के नेतृत्व में सरकार करते दिखाएगी।

जल्द मिलेगा सिंचाई के लिए पानी, शुरू होगा अस्पताल

सम्मेलन में प्रदेश के सिंचाई मंत्री डा. रामप्रताप ने कहा कि चंबल लिफ्ट सिंचाई परियोजना कार्य पन्द्रह जून तक शुरू हो जाएगा। इससे धौलपुर और राजाखेडा को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा तथा खुशहाली आएगी। प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थय मंत्री कालीचरण सराफ ने कहा कि धौलपुर में प्रस्तावित सौ करोड की लागत से बनने वाले अस्पताल का काम भी पन्द्रह जून तक शुरू हो जाएगा।